Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

किशोर हत्याकांड में सबूत तलाश रही पुलिस, आरोपी आमिर के घर हुई सर्चिंग; तालाब में फेंके थे प्राइवेट पार्ट

भोपाल किशोर हत्याकांड में पुलिस आरोपी आमिर कुरैशी को उसके घर लेकर पहुंची। हत्या के समय पहने कपड़ों की तलाश के साथ छोटे तालाब में फेंके गए अंगों की भी तलाश जारी है।
Follow on Google News
किशोर हत्याकांड में सबूत तलाश रही पुलिस, आरोपी आमिर के घर हुई सर्चिंग; तालाब में फेंके थे प्राइवेट पार्ट
किशोर हत्याकांड में सबूत तलाश रही पुलिस

भोपाल के छोटे तालाब के धोबीघाट इलाके में किशोर की हत्या के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। शुक्रवार को पुलिस आरोपी आमिर कुरैशी को लेकर उसके घर पहुंची। यहां पुलिस ने घर की तलाशी ली और वारदात के समय पहने गए कपड़ों की तलाश की। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद आरोपी सीधे घर गया था और वहां नहाने के बाद कपड़े बदले थे। ऐसे में वारदात के समय पहने कपड़े जांच में अहम सबूत हो सकते हैं। मौके पर एसीपी कोतवाली संतोष पटेल समेत जांच टीम के अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने कपड़ों को धोने, साफ करने या कहीं छिपाने का प्रयास तो नहीं किया।

हत्या के बाद घर पहुंचा था आरोपी

पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आमिर सीधे अपने घर गया था। वहां उसने नहाया और कपड़े बदले। इसी वजह से पुलिस उसे साथ लेकर उसके घर पहुंची और संभावित साक्ष्यों की तलाश की। जांच टीम हत्या के दौरान पहने गए कपड़ों के अलावा घर में मौजूद दूसरी ऐसी चीजों को भी देख रही है जिनका वारदात से कोई संबंध हो सकता है। पुलिस का मानना है कि इन चीजों से घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में मदद मिल सकती है।

धोबीघाट ले जाकर पुलिस ने दोहरवाया घटनाक्रम

इससे एक दिन पहले गुरुवार को शामला हिल्स और तलैया थाना पुलिस की टीम आरोपियों को लेकर छोटे तालाब के धोबीघाट पहुंची थी। यहां आरोपियों से घटनाक्रम दोहरवाया गया। पुलिस ने आरोपियों से यह जानने की कोशिश की कि किशोर की हत्या के बाद उसके शरीर से अंग निकालकर किस रास्ते से ले जाए गए और उन्हें तालाब में किस जगह फेंका गया। आरोपियों के बताए स्थानों पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। इससे पहले भी गोताखोरों की मदद से छोटे तालाब में सर्चिंग की जा चुकी है लेकिन अब तक अंग बरामद नहीं हुए हैं।

वीडियो दिखाकर अंग बेचने का लालच देने का पुलिस का दावा

पुलिस के मुताबिक इस मामले में आमिर कुरैशी (18) और जोहेब खान (20) को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा तीन विधि-विरुद्ध बालकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का दावा है कि जोहेब ने करीब एक महीने पहले एक विधि-विरुद्ध बालक से दोस्ती की थी। वह खुद को मेडिकल की पढ़ाई करने वाला बताता था और एप्रन व आला पहनकर उससे मिलता था। जांच के अनुसार जोहेब ने आमिर और नाबालिगों को मोबाइल पर एक वीडियो दिखाया था जिसमें बेहोश व्यक्ति के प्राइवेट पार्ट निकालने का तरीका बताया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि इसके बाद आरोपियों को करीब 1.20 करोड़ रुपये में अंग बेचने का लालच दिया गया और 15-16 साल के लड़के की तलाश करने को कहा गया।

ये भी पढ़ें: सौसर में 24 घंटे में मंदिरों में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; मूर्तियां और 56,849 रुपए बरामद

6 अगस्त को किशोर को साथ ले गए

पुलिस के अनुसार 6 अगस्त को दो विधि-विरुद्ध बालक इकबाल मैदान पहुंचे थे। यहां किशोर पेन और चाबी के छल्ले बेचता था। दोनों ने उसे लड़ाई के लिए साथ चलने और बदले में 100 रुपये देने का लालच दिया। रास्ते में रेतघाट के पास आमिर और दो अन्य नाबालिग भी उनके साथ जुड़ गए। इसके बाद सभी किशोर को गिन्नौरी और किलोल पार्क होते हुए छोटे तालाब के धोबीघाट की तरफ ले गए। पुलिस के मुताबिक यहीं किशोर की हत्या कर दी गई।

तालाब में फेंकने का पुलिस का दावा

पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आमिर ने जोहेब को फोन किया। जोहेब मौके पर नहीं आया और उसने पहले दिखाए गए वीडियो के मुताबिक आगे की कार्रवाई करने को कहा। पुलिस का दावा है कि इसके बाद किशोर के शरीर से दोनों प्राइवेट पार्ट निकालकर प्लास्टिक की थैली में रखे गए। बाद में आरोपियों ने उन्हें बेचने की कोशिश की लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। इसके बाद कथित तौर पर दोनों अंगों को छोटे तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस अब तालाब में फिर से तलाशी अभियान चलाकर इन्हें बरामद करने का प्रयास कर रही है।

ये भी पढ़ें: Surajpur: हाथी के हमले में बाइक सवार की दर्दनाक मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने 7 घंटे किया चक्काजाम

10 अगस्त को मिला था शव

किशोर का शव 10 अगस्त को छोटे तालाब के धोबीघाट के पास मिला था। शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में 15 अगस्त को हाथ पर बने टैटू के आधार पर उसकी पहचान की गई। पहचान होने के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और मामले में आमिर कुरैशी और जोहेब खान को गिरफ्तार किया, जबकि तीन विधि-विरुद्ध बालकों को हिरासत में लिया गया। अब पुलिस आरोपियों के घरों से संभावित साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। पुलिस की जांच में बरामद होने वाले साक्ष्य और आगे की पूछताछ से मामले की पूरी तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts