Iron Man No. 1 का पहला पेज होगा नीलाम, 1968 की दुर्लभ कॉमिक आर्ट का इतिहास रचने की तैयारी

न्यूयॉर्क। मार्वल फैंस के लिए एक ऐतिहासिक मौका सामने आया है। मई 1968 में प्रकाशित 'आयरन मैन नंबर 1' के पहले पन्ने की ओरिजिनल आर्ट नीलामी के लिए पेश की गई है। यह दुर्लभ कलाकृति मार्वल स्टूडियोज के संस्थापक चेयरमैन डेविड मैसेल के कलेक्शन से आई है, जिन्होंने 2008 में मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) की नींव रखने में अहम भूमिका निभाई थी। यह आइकॉनिक स्प्लैश पेज कलाकार जीन कोलन द्वारा बनाया गया था और जॉनी क्रेग ने इस पर इंकिंग की थी। इसी आर्टवर्क के साथ 'आयरन मैन' की पहली सोलो कॉमिक बुक सीरीज की शुरुआत हुई थी। प्रसिद्ध नीलामी घर हेरिटेज ऑक्शंस ने घोषणा की है कि यह ऐतिहासिक पीस 25 से 27 सितंबर, 2026 तक आयोजित होने वाली उनकी 'कॉमिक आर्ट सिग्नेचर ऑक्शन' का सबसे बड़ा आकर्षण होगा। गौरतलब है कि इससे पहले जुलाई में हुई एक नीलामी में 'आयरन मैन' के ओरिजिन से जुड़ा ओरिजिनल आर्टवर्क 3.875 मिलियन डॉलर (36 करोड़,75 लाख,16 हजार,485 रुपए) में बिका था।
क्यों है 'आयरन मैन नंबर 1' का पहला पेज इतना खास
हेरिटेज ऑक्शंस के मुताबिक, यह ओरिजिनल स्प्लैश पेज मार्वल कॉमिक्स के इतिहास का एक टर्निंग पॉइंट है। स्प्लैश पेज वह बड़ा चित्र होता है जो कॉमिक के पूरे पन्ने को कवर करता है और कहानी की शुरुआत एक नाटकीय अंदाज में करता है। यहीं से टोनी स्टार्क की सोलो जर्नी की आधिकारिक शुरुआत हुई थी। हालांकि टोनी स्टार्क उर्फ आयरन मैन पहली बार मार्च 1963 में 'टेल्स ऑफ सस्पेंस नंबर 39' में नजर आए थे, जहां पाठकों ने उनके आर्मर वाले सुपरहीरो अवतार को पहली बार देखा था। लेकिन मई 1968 में लॉन्च हुआ 'आयरन मैन नंबर 1' वह पहला मौका था जब इस किरदार को अपनी खुद की स्वतंत्र कॉमिक सीरीज मिली। इसलिए यह आर्टवर्क सिर्फ एक तस्वीर नहीं, बल्कि मार्वल के सबसे लोकप्रिय सुपरहीरो के इतिहास का पहला अध्याय है।
यह आर्टवर्क नए युग की शुरुआत का प्रतीक
इसी के बाद यह किरदार आगे चलकर मार्वल के सबसे लोकप्रिय और पहचाने जाने वाले सुपरहीरोज में शामिल हो गया। डेविड मैसेल के मुताबिक, आयरन मैन कॉमिक के इतिहास में चार सबसे महत्वपूर्ण ओरिजिनल आर्टवर्क में से यह एक है। बाकी तीन ऐतिहासिक कलाकृतियों में 'टेल्स ऑफ सस्पेंस नंबर 39' का कवर और उसका शुरुआती पेज, और 'आयरन मैन नंबर 1' का कवर शामिल हैं। इनमें से 'टेल्स ऑफ सस्पेंस नंबर 39' का मूल कवर अब मौजूद नहीं है, जबकि 'आयरन मैन नंबर 1' का कवर कई दशकों से एक ही कलेक्टर के पास सुरक्षित है।
डेविड मैसेल का इस दुर्लभ आर्ट से क्या कनेक्शन है
इस पेज से मैसेल का रिश्ता सिर्फ एक कॉमिक कलेक्टर तक सीमित नहीं है। मार्वल स्टूडियोज के फाउंडिंग चेयरमैन के तौर पर उन्होंने मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) को खड़ा करने और 2008 में आयरन मैन को बड़े पर्दे पर लाने में निर्णायक भूमिका निभाई थी।MCU की शुरुआत किस सुपरहीरो से की जाए, इस पर जब चर्चा हुई तो मैसेल ने आयरन मैन के साथ शुरुआत करने का समर्थन किया, जबकि उस दौर में अन्य मार्वल हीरोज के मुकाबले आयरन मैन की फैन फॉलोइंग काफी कम थी। टोनी स्टार्क के किरदार के प्रति उनका जुनून और उसकी अपील पर उनका विश्वास इस बड़े फैसले के पीछे की बड़ी वजह बना। इसके बाद टोनी स्टार्क के रूप में रॉबर्ट डाउनी जूनियर स्टारर फिल्म रिलीज हुई, जिसने मार्वल के इंटरकनेक्टेड सिनेमैटिक यूनिवर्स की नींव रखी। इस फिल्म के बाद आयरन मैन पूरी फ्रेंचाइजी का सेंट्रल कैरेक्टर बन गया, जिसके चलते वे ओरिजिनल कॉमिक्स और भी ज्यादा कीमती हो गईं जिन्होंने इस आइकॉनिक किरदार को गढ़ा था।




















