शहडोल में पेड़ से गिरकर युवक की मौत, पत्नी की आंखों के सामने तोड़ा दम; जंगल में मदद के लिए लगाती रही गुहार

शहडोल। ग्राम रतहर निवासी सुखीलाल कोल अपनी पत्नी के साथ जंगल में लकड़ियां इकट्ठा करने गया था। पति को गंभीर हालत में देखकर पत्नी काफी देर तक मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिल सकी। बाद में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अत्यधिक रक्तस्राव के कारण युवक की मौत हो चुकी थी।
बहेरहा जंगल में हुआ दर्दनाक हादसा
शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र अंतर्गत बहेरहा जंगल में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पेड़ से गिरकर 32 वर्षीय सुखीलाल कोल की मौत हो गई। युवक की जान उसकी पत्नी की आंखों के सामने चली गई और वह बेबस होकर उसे बचाने की कोशिश करती रही।
ये भी पढ़ें: सिवनी में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, सिया क्लीनिक सील और दिवम हार्ट-डायबिटीज सेंटर बंद कराया
पत्नी के साथ लकड़ियां इकट्ठा करने गया था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रतहर निवासी सुखीलाल कोल अपनी पत्नी के साथ गांव के पास स्थित बहेरहा जंगल में जलाऊ लकड़ी इकट्ठा करने गया था। पति पेड़ पर चढ़कर सूखी डालियां काट रहा था, जबकि पत्नी नीचे रहकर गिरी हुई लकड़ियों को समेट रही थी।
नीचे उतरते समय फिसला पैर
पर्याप्त लकड़ियां इकट्ठा होने के बाद पत्नी ने आवाज देकर कहा कि अब काफी लकड़ियां हो गई हैं और घर चलने के लिए नीचे उतर आओ। पत्नी की आवाज सुनकर सुखीलाल जैसे ही पेड़ से नीचे उतरने लगा, अचानक उसका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह काफी ऊंचाई से सीधे पथरीली जमीन पर जा गिरा।
ये भी पढ़ें: डांडिया खेला, फोटो खिंचवाई और फिर ड्रेस कर दी वापस! ऑनलाइन शॉपिंग के इस ट्रेंड पर उठे सवाल
पति को बचाने के लिए जंगल में लगाती रही गुहार
तेज आवाज के साथ पति को जमीन पर गिरते देख पत्नी दौड़कर उसके पास पहुंची। सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने से सुखीलाल बुरी तरह तड़प रहा था, जिसके बाद घबराई पत्नी जंगल में चारों तरफ मदद के लिए चीख-पुकार करती रही, लेकिन दूर-दूर तक कोई नजर नहीं आया।
ग्रामीणों के पहुंचने से पहले युवक की मौत
काफी देर बाद उस रास्ते से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने महिला के रोने की आवाज सुनी और मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अत्यधिक रक्तस्राव के कारण सुखीलाल की सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।




















