PlayBreaking News

Prateek Yadav Death:जिम, लग्जरी कारें और जानवरों से प्यार...‘जीव आश्रय’ चलाने वाले अखिलेश यादव के सौतेले भाई का निधन, कौन थे प्रतीक यादव?

समाजवादी परिवार से जुड़े होने के बावजूद प्रतीक यादव ने राजनीति से दूरी बनाए रखी। फिटनेस, रियल एस्टेट और पशु कल्याण के क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे प्रतीक के अचानक निधन ने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर पैदा कर दी है।
Follow on Google News
जिम, लग्जरी कारें और जानवरों से प्यार...‘जीव आश्रय’ चलाने वाले अखिलेश यादव के सौतेले भाई का निधन, कौन थे प्रतीक यादव?
Prateek Yadav

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति से बुधवार सुबह एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव  के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का निधन हो गया। बताया जा रहा है कि सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से किडनी से जुड़ी बीमारी से परेशान थे और इलाज भी चल रहा था।

राजनीति से दूर लेकिन चर्चा में रहते थे प्रतीक

प्रतीक यादव का नाम हमेशा राजनीति से ज्यादा फिटनेस और बिजनेस की दुनिया में चर्चा में रहा। बड़े राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद उन्होंने कभी चुनावी राजनीति में दिलचस्पी नहीं दिखाई। वह खुद को कैमरों और राजनीतिक मंचों से दूर रखना पसंद करते थे। करीबी लोगों के मुताबिक उन्हें शांत जीवन पसंद था और बिजनेस के साथ फिटनेस में ज्यादा रुचि थी। लखनऊ में उन्होंने “द फिटनेस प्लेनेट” नाम से जिम शुरू किया था। वह खुद भी फिटनेस को लेकर काफी सजग रहते थे और नियमित रूप से वर्कआउट करते थे। सोशल मीडिया पर उनकी फिटनेस तस्वीरें और लग्जरी कारों का कलेक्शन अक्सर चर्चा का विषय बनता था।

जानवरों के लिए चलाते थे संस्था

फिटनेस के अलावा प्रतीक यादव का एक दूसरा चेहरा भी लोगों के सामने था। उन्हें जानवरों से बेहद लगाव था। उन्होंने “जीव आश्रय” नाम की संस्था बनाई थी, जिसके जरिए बेसहारा और घायल स्ट्रीट डॉग्स का इलाज, रेस्क्यू और देखभाल की जाती थी। वह अक्सर खुद भी इस संस्था के कामों में हिस्सा लेते थे। उनके करीबी कहते हैं कि जानवरों के प्रति उनका लगाव बेहद भावनात्मक था और वह इस काम को केवल शौक नहीं बल्कि जिम्मेदारी मानते थे।

ये भी पढ़ें: मुलायम यादव के परिवार में मातम! अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक का निधन, लखनऊ में ली आखिरी सांस

परिवार में कौन-कौन हैं?

प्रतीक यादव देश के सबसे चर्चित राजनीतिक परिवारों में से एक का हिस्सा थे। उनके पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश की राजनीति का बड़ा चेहरा रहे हैं। उनकी मां साधना गुप्ता थीं, जिन्हें मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी के रूप में जाना जाता था। उनकी पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में भाजपा से जुड़ी हुई हैं। अपर्णा पहले समाजवादी पार्टी में सक्रिय थीं लेकिन बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। वह इस समय उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी हैं। प्रतीक और अपर्णा की एक बेटी है, जिसका नाम प्रथमा है। वहीं उनके सौतेले भाई अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। परिवार में डिंपल यादव, शिवपाल सिंह यादव और कई अन्य बड़े राजनीतिक चेहरे शामिल हैं।

/img/94/1778645116732

विदेश में पढ़ाई, बिजनेस में बनाई पहचान

प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने राजनीति की बजाय बिजनेस की दुनिया में कदम रखा। वह रियल एस्टेट और फिटनेस इंडस्ट्री में सक्रिय रहे। उन्होंने कई इंटरव्यू में यह कहा था कि उन्हें राजनीति पसंद नहीं है और वह मैनेजमेंट व बिजनेस के क्षेत्र में ही अपना भविष्य देखना चाहते हैं। यही वजह रही कि उन्होंने हमेशा खुद को राजनीतिक विवादों से दूर रखा।

ये भी पढ़ें: सत्ता और ज्योतिष का नया कनेक्शन! चुनावी भविष्यवाणी से CM ऑफिस तक पहुंचा भरोसे का रिश्ता, मुख्यमंत्री विजय ने अपने सलाहकार को दिया बड़ा पद

अपर्णा यादव से ऐसे शुरू हुई थी प्रेम कहानी

प्रतीक यादव और अपर्णा यादवकी मुलाकात विदेश में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोस्ती धीरे धीरे रिश्ते में बदली और साल 2011 में दोनों ने शादी कर ली। दोनों की जोड़ी लंबे समय तक चर्चा में रही। पिछले कुछ समय में उनके रिश्तों को लेकर कई तरह की खबरें सामने आई थीं लेकिन अपर्णा यादव अक्सर सार्वजनिक मंचों पर प्रतीक की तारीफ करती दिखाई देती थीं।

/img/94/1778644909988

मौत के बाद उठ रहे कई सवाल

प्रतीक यादव पिछले करीब दो साल से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। कुछ समय पहले भी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया था लेकिन बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सुबह अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में शरीर पर किसी चोट के निशान नहीं मिले हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts