PlayBreaking News

सत्ता और ज्योतिष का नया कनेक्शन!चुनावी भविष्यवाणी से CM ऑफिस तक पहुंचा भरोसे का रिश्ता, मुख्यमंत्री विजय ने अपने सलाहकार को दिया बड़ा पद

मुख्यमंत्री विजय और राधन पंडित के बीच संबंध पिछले कई वर्षों से मजबूत बताए जाते हैं। चुनाव से पहले विजय की जीत की भविष्यवाणी करने वाले राधन पंडित अब सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय का हिस्सा बन गए हैं। राजनीतिक गलियारों में इसे विजय के भरोसेमंद सर्कल को और मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है।
Follow on Google News
चुनावी भविष्यवाणी से CM ऑफिस तक पहुंचा भरोसे का रिश्ता, मुख्यमंत्री विजय ने अपने सलाहकार को दिया बड़ा पद
Vijay Thalapathy

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एक बार फिर अपने फैसलों को लेकर सुर्खियों में हैं। विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद अब उन्होंने अपने निजी ज्योतिषी को मुख्यमंत्री कार्यालय में OSD के पद पर नियुक्त किया है। राधन पंडित लंबे समय से विजय के करीबी माने जाते हैं और दावा किया जाता है कि राजनीति में आने से लेकर चुनाव लड़ने तक हर अहम कदम पर उन्होंने विजय को सलाह दी थी। उनकी नियुक्ति के बाद तमिलनाडु की राजनीति में ज्योतिष और सत्ता के रिश्ते को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।

विजय का नया फैसला बना चर्चा का विषय

तमिलनाडु की राजनीति में इस समय मुख्यमंत्री विजय का एक बड़ा फैसला चर्चा के केंद्र में है। विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद सत्ता तक पहुंचने वाले विजय ने अब अपने बेहद करीबी माने जाने वाले ज्योतिषी और आध्यात्मिक सलाहकार राधन पंडित वेट्रिवेल को मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष जिम्मेदारी सौंप दी है। उन्हें मुख्यमंत्री का OSD  नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी हुआ नियुक्ति आदेश

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल अब सीधे सीएम ऑफिस में काम करेंगे, वह मुख्यमंत्री के राजनीतिक कार्यक्रमों, भाषणों और कई अहम रणनीतिक फैसलों में सलाहकार की भूमिका निभाएंगे। विजय के सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में कई प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। कई अधिकारियों के तबादले हुए और नई नियुक्तियां भी की गईं। इन्हीं बदलावों के बीच राधन पंडित को यह अहम जिम्मेदारी दी गई है।

चुनाव से पहले ही कर दी थी विजय भविष्यवाणी

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से काफी पहले राधन पंडित ने दावा किया था कि अभिनेता से नेता बने विजय राज्य की राजनीति में बड़ी ताकत बनेंगे। उन्होंने यहां तक कहा था कि विजय के नाम की सुनामी आने वाली है। चुनाव नतीजों ने उनकी इस बात को काफी हद तक सच साबित कर दिया। तमिलनाडु की 234 सीटों वाली विधानसभा में विजय की पार्टी टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया। पार्टी अपने दम पर बहुमत का आंकड़ा नहीं छू सकी लेकिन कांग्रेस समेत अन्य दलों के समर्थन से विजय ने सरकार बना ली। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद विजय लगातार बड़े फैसले लेकर खुद को मजबूत नेता के रूप में पेश कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: शपथ के 48 घंटे में CM विजय का बड़ा एक्शन : मंदिर-स्कूलों और बस स्टैंड के पास नहीं बिकेगी शराब, 2 हफ्ते में बंद होंगी 717 दुकानें

शपथ ग्रहण का समय भी बदला गया था

मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का समय पहले 10 मई को दोपहर 3:15 बजे तय किया गया था लेकिन बाद में राधन पंडित की सलाह पर इसे बदलकर सुबह 10 बजे कर दिया गया। इसे शुभ मुहूर्त बताया गया था।

फिल्मों से राजनीति तक, हर फैसले में शामिल रहे राधन पंडित

पिछले करीब सात वर्षों से राधन पंडित विजय के बेहद करीबी रहे हैं। फिल्मों की रिलीज से लेकर निजी और राजनीतिक फैसलों तक, विजय कई मामलों में उनसे सलाह लेते रहे हैं। यहां तक कहा जाता है कि राजनीति में आने और पार्टी बनाने से पहले भी विजय ने राधन पंडित से लंबी चर्चा की थी। TVK पार्टी के गठन और चुनाव लड़ने के फैसले के पीछे भी उनकी सलाह को अहम माना जाता है। अब OSD बनने के बाद उनकी भूमिका और ज्यादा प्रभावशाली मानी जा रही है।

जयललिता से भी जुड़ चुका है नाम

राधन पंडित का नाम इससे पहले भी तमिलनाडु की राजनीति में कई बार चर्चा में रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री J. Jayalalithaa भी उनसे सलाह लिया करती थीं। तमिल राजनीति में लंबे समय से यह चर्चा रही है कि जयललिता कई बड़े फैसले ज्योतिषीय सलाह के बाद ही लेती थीं। इतना ही नहीं, यह भी कहा जाता है कि उन्होंने ही जयललिता को अपने नाम की स्पेलिंग बदलकर Jayalalithaa लिखने की सलाह दी थी। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि कभी नहीं हुई लेकिन तमिलनाडु की राजनीति में राधन पंडित का प्रभाव हमेशा चर्चा में रहा है।

ये भी पढ़ें: PM Modi Appeal: जनता से पहले सरकार त्याग दिखाए, मितव्ययिता पर छिड़ी बहस, PM मोदी की अपील पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का पलटवार

सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं राधन पंडित

ज्योतिष और अंकशास्त्र के क्षेत्र में करीब 40 साल का अनुभव रखने वाले राधन पंडित सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। वह नियमित रूप से लोगों को ज्योतिषीय सलाह और भविष्यवाणियां देते हैं। अब मुख्यमंत्री कार्यालय में आधिकारिक जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी पहचान सिर्फ आध्यात्मिक गुरु तक सीमित नहीं रही बल्कि वह सत्ता के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts