अंडर 19 एशिया कप विनिंग टीम का ये है मप्र कनेक्शन, ग्वालियर-मुरैना में क्रिकेट का हुनर सीखकर चमके हैं मनल और यशवर्धन

भोपाल। भारतीय क्रिकेट के लिए 14 नवंबर 2026 का दिन यादगार बन गया। अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ मध्यप्रदेश, खासकर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र का गौरव भी बढ़ा। विजेता भारतीय टीम में प्रदेश से जुड़े दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी मनल चौहान और यशवर्धन सिंह चौहान शामिल थे। दोनों ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
मुरैना और ग्वालियर में तैयार हुई क्रिकेट की नींव
मनल चौहान ऑलराउंडर हैं। उनका पैतृक निवास उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में है, लेकिन क्रिकेट का शुरुआती प्रशिक्षण मुरैना में हुआ। उन्होंने कोच राजेश तोमर से शुरुआती गुर सीखे। बाद में कोच चंद्रकांत पंडित और अंडर-19 कोच येरे गौड़ ने उनकी प्रतिभा को निखारा। वहीं यशवर्धन सिंह चौहान ने ग्वालियर की तानसेन क्रिकेट अकादमी में कोच लवकेश चौधरी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया। दोनों खिलाड़ियों ने चंबल क्षेत्र से अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की अंडर-19 टीम में जगह बनाई है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर बोले-मप्र का गौरव बढ़ा
मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा है कि युवाओं ने अपने परिश्रम से यह सफलता अर्जित की है। उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र और प्रदेश का गौरव बढ़ा है। तोमर ने कहा है कि दोनों खिलाड़यों की इस सफलता में उनके परिजनों, प्रशिक्षकों तथा खेल अकादेमियों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरा सहयोग और समर्थन देने के लिए परिजनों और कोच भी बधाई व धन्यवाद के पात्र हैं। तोमर ने कहा कि युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने उम्मीद जगाई है। अन्य खिलाड़ी भी उनसे प्रेरणा लेकर खेलों में अपना भविष्य संवारेंगे।
ये भी पढ़ें: U19 Asia Cup Final: भारत की रोमांचक जीत, पाकिस्तान को एक विकेट से दी मात
मुश्किल समय में मनल ने संभाली भारतीय पारी
फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 337 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय 252 रन पर आठ विकेट गंवा चुकी थी। जीत मुश्किल नजर आ रही थी। ऐसे समय में मनल चौहान ने मोहित उल्वा के साथ मोर्चा संभाला। दोनों के बीच नौवें विकेट के लिए 57 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। मनल ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 146.88 रहा। हालांकि वे 47 रन पर आउट हो गए, लेकिन उनकी पारी ने भारत की जीत की राह तैयार की।
यशवर्धन ने भी फाइनल में दिया योगदान
भारतीय अंडर-19 टीम के उपकप्तान यशवर्धन सिंह चौहान ने फाइनल में तेज बल्लेबाजी करते हुए पांच गेंदों पर नौ रन बनाए। उनकी पारी में एक चौका शामिल था। गेंदबाजी में भी उन्होंने छह ओवर किए और 35 रन दिए, हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। यशवर्धन की टीम में उपकप्तान के रूप में मौजूदगी भी मध्यप्रदेश के क्रिकेट जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।




















