Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुना पुलिस के लिए तैयार हुआ ड्यूटी ऐप, एक दिन पहले मोबाइल पर मिलेगा चार्ट, DIG असित यादव ने किया लॉन्च

गुना में पुलिस बल की जरूरत के अनुसार ड्यूटी तय करने, एक दिन पहले मोबाइल पर ड्यूटी चार्ट उपलब्ध कराने और उपस्थिति दर्ज करने के लिए नया ऐप तैयार किया गया है। ग्वालियर रेंज के डीआईजी डॉ. असित यादव ने मंगलवार को पुलिस विभाग के लिए विकसित किए जा रहे इस ऐप का लोकार्पण किया।
गुना पुलिस के लिए तैयार हुआ ड्यूटी ऐप, एक दिन पहले मोबाइल पर मिलेगा चार्ट, DIG असित यादव ने किया लॉन्च
गुना पुलिस के लिए तैयार हुआ ड्यूटी ऐप

गुना। डीआईजी डॉ. असित यादव दो दिवसीय गुना दौरे पर हैं। पहले दिन सोमवार रात उन्होंने कैंट थाने का निरीक्षण किया और थाने की व्यवस्थाओं, पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली और लंबित अपराधों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। मंगलवार सुबह उन्होंने परेड ग्राउंड में पुलिस परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस जिम और मेस की व्यवस्थाएं देखीं और पुलिसकर्मियों की सुविधाओं और विभागीय संसाधनों की जानकारी ली।

पुलिस बल की जरूरत होगी तय 

इसी सम्मेलन में पुलिस ड्यूटी ऐप की कार्यप्रणाली पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को समझाई गई। बताया गया कि सिस्टम में अलग-अलग स्थानों और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक पुलिस बल का डाटा पहले से दर्ज किया जा सकेगा। इसके आधार पर किसी स्थान पर कितने पुलिसकर्मियों और किस रैंक के कर्मचारियों की जरूरत है, यह तय किया जा सकेगा।

एक दिन पहले मोबाइल पर मिलेगा ड्यूटी चार्ट

पुलिस ड्यूटी ऐप के जरिए पुलिसकर्मियों को उनकी ड्यूटी का चार्ट एक दिन पहले मोबाइल पर मिल जाएगा। इससे उन्हें अगले दिन की तैनाती और जिम्मेदारी की जानकारी पहले से रहेगी। ड्यूटी स्थल पर कर्मचारी की पहुंच की जानकारी भी सिस्टम में दर्ज की जा सकेगी।

ये भी पढ़ें: हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान के बाद मेरठ में सुरक्षा बढ़ी, केसरगंज मंडी के बाहर बैरिकेडिंग

कार्य मूल्यांकन के लिए पॉइंट सिस्टम

सिस्टम में पुलिसकर्मियों के कार्य मूल्यांकन के लिए पॉइंट सिस्टम भी प्रस्तावित है। अलग-अलग जिम्मेदारियों और प्रदर्शन के आधार पर अंक दिए जाएंगे। महीने के अंत में इन अंकों के आधार पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारी या कर्मचारी का चयन किया जा सकेगा।

तीन चरणों में विकसित होगा पुलिस ऐप

पुलिस ड्यूटी ऐप को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है। इसमें पहले चरण में ई-प्रबंध पोर्टल, दूसरे चरण में कवच और तीसरे चरण में क्वार्टर मैनेजमेंट को जोड़ा जाएगा। इस सिस्टम के जरिए ड्यूटी, तैनाती और संबंधित जानकारी को व्यवस्थित तरीके से दर्ज किया जा सकेगा।

Breaking News

सैनिक दरबार में पुलिसकर्मियों से संवाद

ऐप के लोकार्पण के बाद डीआईजी डॉ. असित यादव ने सैनिक दरबार में पुलिसकर्मियों से संवाद किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याएं और सुझाव सुने और विभागीय व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी ली। दौरे के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की सुविधाओं और विभागीय संसाधनों का भी जायजा लिया।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts