हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान के बाद मेरठ में सुरक्षा बढ़ी, केसरगंज मंडी के बाहर बैरिकेडिंग

मेरठ। केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पाठ करने की घोषणा से पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। मंगलवार को एक वीडियो वायरल होने के बाद मस्जिद और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। मंडी के मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया है। पुलिस बल तैनात है और इलाके में लगातार गश्त की जा रही है।
मंडी गेट पर बैरिकेडिंग, पुलिस तैनात
वायरल वीडियो में मस्जिद के पास हनुमान चालीसा पाठ करने की बात कही गई थी। इसके बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर मंडी के मुख्य गेट पर बैरिकेड लगा दिए। मस्जिद के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। क्षेत्र में पुलिस की गश्त भी बढ़ाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच केसरगंज बाजार भी बंद है।
मस्जिद के मुतवल्ली जुबेर ने वायरल वीडियो को लेकर एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
निर्माण को लेकर पहले हुआ था विवाद
बताया गया कि करीब एक महीने पहले मस्जिद के ऊपरी हिस्से में निर्माण कार्य कराया जा रहा था। मंडी निवासी ईश्वर चंद कंसल और कुछ अन्य व्यापारियों ने इसे अवैध बताते हुए शिकायत की थी। शिकायत के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया था। इसके बाद मंगलवार को गाजियाबाद के हिंदू दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और ललित शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में मस्जिद के पास पहुंचकर हनुमान चालीसा पाठ करने की बात कही गई थी।
व्यापारियों ने जताई चिंता
स्थानीय व्यापारियों ने इलाके में बाहरी लोगों के आने को लेकर चिंता जताई है। व्यापारियों का कहना है कि किसी भी तरह की स्थिति से बचने के लिए क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी जरूरी है।
पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की
सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मस्जिद के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और इलाके में गश्त बढ़ाई गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।




















