बालाघाट में वीडियो कॉल के दौरान 20 वर्षीय युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

बालाघाट। दोस्त के मुताबिक, अरुण फोन पर रो रहा था और आत्महत्या करने की बात कह रहा था। कुछ ही देर बाद वह वीडियो कॉल से गायब हो गया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोस्त और महिला मित्र से वीडियो कॉल पर की बात
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 से 11 बजे अरुण ने अपने मित्र कपिल को ऑडियो कॉल किया था। बातचीत के दौरान वह भावुक था और आत्महत्या करने की बात कह रहा था। इसके बाद उसने वीडियो कॉल किया, जिसमें एक महिला मित्र भी कॉन्फ्रेंस कॉल पर जुड़ी हुई थी।
ये भी पढ़ें: बलौदाबाजार में मां समेत 2 बच्चों की मौत, घर में मिले तीनों के शव
कुछ ही देर में वीडियो कॉल से गायब हुआ युवक
कपिल के मुताबिक, बातचीत के दौरान अचानक अरुण कैमरे से गायब हो गया। उसे आशंका हुई कि अरुण ने कुछ ही सेकंड में आत्मघाती कदम उठा लिया है। इसके बाद कपिल ने तत्काल बिरसा पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर पुलिस ने तलाश शुरू की।
डेंजर के जंगल में मिला शव
मोबाइल लोकेशन के आधार पर कोतवाली पुलिस डेंजर के जंगल पहुंची। यहां सड़क से करीब 200 से 300 मीटर अंदर तलाशी के दौरान अरुण का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और परिजनों को इसकी सूचना दी।
बीए की पढ़ाई कर रहा था अरुण
अरुण बलदेव ठाकरे का बेटा था और मूल रूप से बिरसा थाना क्षेत्र के भटलई गांव का निवासी था। वह बालाघाट के एक निजी कॉलेज में बीए की पढ़ाई कर रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह दोस्त और उसके परिवार को बिना बताए उनका वाहन ले गया था, जो दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसके बाद उसे इसकी जानकारी मिलने पर तनाव में आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से मोबाइल, रुपए और एक महिला मित्र की फोटो भी मिली है। कोतवाली के एएसआई भुवनेश्वर ठाकरे के मुताबिक, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




















