व्यापारियों की समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे, समाधान का करेंगे प्रयास: धीरज खंडेलवाल
सोहागपुर। भारतीय जनता पार्टी व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष धीरज खंडेलवाल के सोहागपुर आगमन पर व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने नगर के व्यापारियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। व्यापारियों ने प्रशासनिक कार्रवाई, जुर्माने, बाजार व्यवस्था सहित व्यापार संचालन में आ रही विभिन्न परेशानियों से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया।
व्यापारियों के मुद्दों का समाधान कराने का भरोसा
व्यापारियों की समस्याएं सुनने के बाद धीरज खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से व्यापारियों के हितों और अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रयासरत रही है। व्यापारियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से लिया जाएगा और उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष रखकर उचित समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों के हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
नगर की समस्याओं पर नगर परिषद अध्यक्ष से चर्चा
नगर की कुछ स्थानीय समस्याओं के निराकरण को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत पटेल से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि नगर स्तर की समस्याओं का आपसी समन्वय और सहयोग से समाधान करने के प्रयास किए जाएंगे।
मूंग-धान आधारित उद्योग से बदलेगी क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर
कार्यक्रम में गौरव (मोंटू) अग्रवाल ने सोहागपुर के समग्र विकास को लेकर अपना विजन प्रस्तुत किया। उन्होंने कृषि मंडी, व्यापारियों के हित, औद्योगिक विकास, रोजगार के अवसर और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह एवं सांसद दर्शन सिंह चौधरी के नेतृत्व में सोहागपुर के विकास की संभावनाएं निरंतर आगे बढ़ रही हैं।
पिपरिया मंडी में धान की तौल में गड़बड़ी का आरोप, किसानों का हंगामा
स्थानीय उद्योगों से किसानों और व्यापारियों को मिलेगा लाभ
गौरव अग्रवाल ने विशेष रूप से क्षेत्र की प्रमुख फसल मूंग और धान पर आधारित उद्योग अथवा फैक्ट्री स्थापित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर इन फसलों पर आधारित औद्योगिक इकाइयां स्थापित होती हैं तो इसका सीधा लाभ किसानों और व्यापारियों दोनों को मिलेगा। कृषि मंडी के माध्यम से व्यापारी किसानों की उपज खरीदकर स्थानीय उद्योगों तक पहुंचा सकेंगे। इससे किसानों को उपज के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा, वहीं औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
व्यापार और उद्योग के विस्तार से बाजार को मिलेगी मजबूती
उन्होंने कहा कि व्यापार और उद्योग का विस्तार होने से किसानों, व्यापारियों और अन्य सभी वर्गों को लाभ मिलेगा। स्थानीय स्तर पर खरीद-बिक्री बढ़ने से सोहागपुर के बाजार को मजबूती मिलेगी और नगर की आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।
व्यापारिक और औद्योगिक विकास के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा
प्रदेश अध्यक्ष धीरज खंडेलवाल ने गौरव अग्रवाल द्वारा प्रस्तुत विकासात्मक सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि व्यापारिक समस्याओं के समाधान के साथ सोहागपुर के व्यापारिक एवं औद्योगिक विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में नगर के व्यापारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी कन्नूलाल अग्रवाल, नगर परिषद उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी, नारायणदास छाबड़िया, व्यापारी संघ अध्यक्ष विजय (नन्नू) छाबड़िया, भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज, अभय खंडेलवाल, कृष्ण पालीवाल, गोपाल माहेश्वरी, राजेंद्र पालीवाल, यश खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में नगर के व्यापारी उपस्थित रहे।























