सिंगरौली में भूपेंद्र सिंह हत्याकांड के 6 आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे में दूसरे राज्यों से पकड़कर लाई पुलिस

सिंगरौली। जयंत में हुए बहुचर्चित भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन हत्याकांड में सिंगरौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को 24 घंटे के भीतर दूसरे राज्यों से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हथियार और वाहन भी जब्त किए हैं। हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपियों का शुक्रवार को पुलिस ने पैदल जुलूस निकाला। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे फरियादी अपने साथियों के साथ नवानगर में जन्मदिन की पार्टी से बोलेरो वाहन में सवार होकर सेक्टर-बी दुधीचुआ लौट रहे थे। सीएमपीडीआई के आगे ब्रेकर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो को लेकर विवाद की स्थिति बनी।
इसके बाद गोविंदा वर्मा, सागर वर्मा, शैलेन्द्र उर्फ समीर वर्मा, हिमांशु सिंह, अजय वर्मा, अरविंद वर्मा सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और फरियादी पक्ष पर चाकू तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में 24 वर्षीय भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन निवासी सेक्टर-बी जयंत की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए।
पांच आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपियों में गोविंदा वर्मा, सागर वर्मा, शैलेन्द्र उर्फ समीर वर्मा, अजय वर्मा और अरविंद वर्मा का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी पुलिस ने बताया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
सिंगरौली में रेत उत्खनन का विरोध करने पर आदिवासी युवक की मौत, ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप
इन 6 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें गोविंदा वर्मा उम्र 35 वर्ष, सागर वर्मा उम्र 24, शैलेन्द्र उर्फ समीर वर्मा उम्र 22वर्ष, हिमांशु सिंह उम्र 22 वर्ष, अजय वर्मा उम्र 21 वर्ष और अरविंद वर्मा उम्र 28 वर्ष शामिल हैं।
कार्रवाई में थाना प्रभारी विंध्यनगर आराधना सिंह परिहार, बैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी, माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा, नवानगर थाना प्रभारी राजेंद्र पाठक, बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल, जयंत चौकी प्रभारी पवन सिंह, खुटार चौकी प्रभारी अमन वर्मा सहित विभिन्न थानों एवं चौकियों के पुलिसकर्मियों तथा साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















