PU Special :गोल्ड लोन लेने वालों पर बैंकों का दबाव, 15 दिन में पूरा कर्ज चुकाने के नोटिस; रकम नहीं जुटाई तो नीलाम होंगे जेवर

राजीव कटारे, ग्वालियर। साहूकारों की मनमानी और ऊंचे ब्याज से राहत दिलाने का दावा करने वाले गोल्ड लोन अब कई परिवारों के लिए नई आर्थिक मुसीबत बनते जा रहे हैं। सोने के ऊंचे भाव पर गिरवी जेवरों के बदले लाखों रुपए का कर्ज देने वाली बैंके कीमतों में गिरावट के बाद ग्राहकों पर वसूली का दबाव बढ़ा रही हैं।
नियमित ब्याज चुकाने के बावजूद बैंकों द्वारा उपभोक्ताओं को 15 दिन में पूरी बकाया रकम जमा करने के नोटिस दिए जा रहे हैं। भुगतान नहीं होने पर जेवरों की नीलामी की चेतावनी दी जा रही है।
ग्राहकों की किस्तों में कर्ज चुकाने की मांग
ऐसे में अब लोगों को यह चिंता सता रही है कि कर्ज देते समय सोने की ऊंची कीमत का फायदा बैकों ने उठाया, लेकिन भाव गिरने का जोखिम अब ग्राहकों के सिर क्यों फोड़ा जा रहा है और 9 से 24 फीसदी सालाना ब्याज पर कर्ज लेने वाले उपभोक्ता अब ब्याज के साथ मूलधन जुटाने की चुनौती से जूझ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भी ऐसे मामलों को लेकर आवाज उठ रही है। ग्राहक मांग कर रहे हैं कि उन्हें एकमुश्त भुगतान के बजाय किस्तों में कर्ज चुकाने और जेवर छुड़ाने का पर्याप्त समय दिया जाए।
क्या कहते हैं आरबीआई के नियम?
आरबीआई के 6 जून 2025 के गोल्ड लोन निर्देशों के मुताबिक, उपभोग ऋण पर 2.5 लाख रुपए तक 85 फीसदी, 2.5 से 5 लाख तक 80 फीसदी और 5 लाख से अधिक पर 75 फीसदी एलटीवी सीमा निर्धारित है। बैंक मनमाने तरीके से जेवर नीलाम नहीं कर सकते। नीलामी से पहले ग्राहक को पर्याप्त नोटिस देना जरूरी है।
नीलामी की सूचना एक क्षेत्रीय भाषा और एक राष्ट्रीय दैनिक सहित दो समाचार पत्रों में प्रकाशित करनी होगी। सोने का रिजर्व प्राइस मौजूदा मूल्य का कम से कम 90 फीसदी होना चाहिए। अतिरिक्त रकम सात कार्यदिवस में ग्राहक को लौटानी होगी।
20 हजार रुपए तक घट गई गिरवी जेवर की कीमत
इंदौर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हुकुम सोनी के मुताबिक, सोने के भाव 2 से 2.25 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंचने पर कई लोगों ने ज्वेलर्स के यहां गहने गिरवी रखकर कर्ज लिया था।
उदाहरण के तौर पर 91.6 फीसदी शुद्धता वाली 10 ग्राम की ज्वेलरी पर भाव 2 लाख रुपए होने के दौरान ग्राहक को करीब 1.30 लाख रुपए दिए गए थे। अब भाव घटने से उसी ज्वेलरी की कीमत करीब 1.10 लाख रुपए रह गई है। इससे ज्वेलर के सामने करीब 20 हजार रुपए का जोखिम पैदा हो गया है।
सोनी के मुताबिक, भाव में और गिरावट आने तथा ग्राहक के जेवर नहीं छुड़ाने पर ज्वेलर्स को नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी वजह से कुछ ज्वेलर्स ग्राहकों से अतिरिक्त रकम जमा करने या और सोना गिरवी रखने के लिए कह रहे हैं।
सोने के भाव में उतार-चढ़ाव...
|
दिनांक |
प्रति 10 ग्राम सोने का भाव |
|---|---|
|
23 नवंबर |
1,25,123 रुपए |
|
25 नवंबर |
1,21,310 रुपए |
|
26 नवंबर |
1,22,982 रुपए |
बकाया चुकाने के लिए नोटिस जरूरी
सीनियर एडवोकेट मुकेश अग्रवाल ने बताया कि आरबीआई के निर्देशों के तहत नीलामी से पहले उपभोक्ता को बकाया चुकाने के लिए पर्याप्त नोटिस देना जरूरी है। नीलामी पारदर्शी होनी चाहिए और कम से कम दो समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित होना चाहिए। उपभोक्ता लोन एग्रीमेंट और भुगतान के रिकॉर्ड के साथ बैंक में शिकायत कर सकते हैं। समाधान नहीं मिलने पर आरबीआई के शिकायत निवारण तंत्र और कानूनी विकल्पों का सहारा लिया जा सकता है।
हर बैंक के अपने नियम और शर्तें
पीएनबी बैंक के मैनेजर मुकेश परिहार ने बताया कि सोने की कीमतों में गिरावट आने पर गिरवी रखे सोने और बकाया कर्ज के अनुपात में बदलाव हो सकता है। ऐसी स्थिति में बैंक लोन एग्रीमेंट और आरबीआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार ग्राहक को नोटिस देकर बकाया जमा करने या खाते को नियमित करने के लिए कह सकते हैं। हर बैंक के अपने नियम और शर्तें होती हैं।




















