गोहद नगर पालिका के खिलाफ 7 पार्षदों ने खोला मोर्चा, सफाई से लेकर भुगतान तक में गड़बड़ी के आरोप
गोहद। भिंड जिले के गोहद में नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली और शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर सात पार्षदों ने अध्यक्ष मंजू जगदीश माहौर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) सोनू सिंह परिहार के खिलाफ शिकायत की है। पार्षदों ने एसडीएम विकास कैमोर को ज्ञापन सौंपकर सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि शिकायत पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
सफाई व्यवस्था पर सवाल, कचरा उठाने वाली गाड़ियां खराब होने का आरोप
पार्षदों का आरोप है कि नगर में सफाई व्यवस्था बदहाल है। कई जगह कचरे के ढेर लगे हैं और नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है। कचरा संग्रहण में इस्तेमाल होने वाली टिपर गाड़ियां खराब होने के कारण घरों से कचरा उठाने की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। दीपावली के मद्देनजर पार्षदों ने गलियों और मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट तथा प्रमुख स्थानों पर हैलोजन लाइट की व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया है। उनका कहना है कि कई जगह पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों को परेशानी होती है।
तीन महीने से हैंडपंप खराब होने की शिकायत
ज्ञापन में नगर के प्रमुख स्थानों और मंदिरों के पास लगे हैंडपंपों के करीब तीन महीने से खराब होने का मुद्दा उठाया गया है। पार्षदों के मुताबिक, मोटर और केबल खराब होने के कारण लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। पार्षदों ने खराब हैंडपंपों को जल्द दुरुस्त कराने और पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
हाट-बाजार में अवैध वसूली और भुगतान की जांच की मांग
पार्षदों ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि शासन द्वारा बाजार वसूली बंद किए जाने के बावजूद हाट-बाजार में कथित तौर पर वसूली जारी है। उन्होंने इस मामले की जांच कराकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। इसके अलावा विकास कार्यों से संबंधित फाइलें लंबित रखने और निर्माण कार्यों के नाम पर विधिवत फाइल प्रक्रिया के बिना भुगतान किए जाने की शिकायत भी की गई है। पार्षदों ने संबंधित अभिलेखों की जांच, भुगतान प्रक्रिया की समीक्षा और अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
भिंड: गोहद में कांग्रेस का प्रदर्शन, पानी की बौछार के बीच पुलिस से हुई झूमाझपटी
अधिकारियों की अनुपस्थिति से कामकाज प्रभावित होने का आरोप
ज्ञापन में सब-इंजीनियरों के समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने का आरोप भी लगाया गया है। पार्षदों का कहना है कि CMO सोनू सिंह परिहार नियमित रूप से कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहते और फोन भी नहीं उठाते। इससे आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए परेशान होना पड़ता है। पार्षदों ने अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और नागरिकों की शिकायतों का समय पर निराकरण कराने की मांग की है।
वार्ड 1 से 16 तक के सात पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन
संयुक्त शिकायत करने वाले सात पार्षदों में वार्ड 1 से सुषमा कुमारी आत्मा दास, वार्ड 3 से पुष्पा रविंद्र उर्फ पिंकी सागर, वार्ड 7 से रजिया अकरम खान, वार्ड 11 से जरीना साबू खान, वार्ड 12 से एडवोकेट बृजेंद्र यादव, वार्ड 15 से मनीष माझी और वार्ड 16 से राजा बेटी बल्लू सैमर शामिल हैं। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर भिंड, आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास भोपाल, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन ग्वालियर-चंबल संभाग और जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी को भी भेजी गई है।
एसडीएम से नहीं मिला जवाब, CMO ने भी फोन नहीं उठाया
शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में एसडीएम विकास कैमोर से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। CMO सोनू सिंह परिहार को भी कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इस वजह से दोनों अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आ सका।























