Global Investor Summit 2025 : पीएम मोदी 23 फरवरी को आएंगे एमपी, दुनिया के दिग्गज उद्योगपति होंगे शामिल, कई देशों से निवेश की उम्मीद

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 फरवरी की रात को यहां आएंगे। वे रात्रि विश्राम राजभवन में करेंगे। उनके साथ कुछ उद्योगपति भी आ रहे हैं। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे। यह समिट 24 और 25 फरवरी को आयोजित होगा, जिसमें 30 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, 15 हजार से ज्यादा निवेशक और कई दिग्गज उद्योगपति शामिल होंगे।
दुनिया के दिग्गज उद्योगपति समिट में होंगे शामिल
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट जीआईसी 24 फरवरी को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। पीएम मोदी इसका शुभारंभ करेंगे। कई केंद्रीय मंत्री भी जीआईसी में आएंगे। समिट में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव, पीयूष गोयल आदि के शामिल होने की उम्मीद है। देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, एन चंद्रशेखरन, नोएल टाटा, अजीम प्रेमजी, आनंद महिंद्रा, सुनील भारती मित्तल आदि भी यहां आएंगे। इस समिट के लिए तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है।मेहमानों की खातिरदारी की व्यवस्था में जुटा एमपी टूरिज्म
- मानव संग्रहालय में टेक्सटाइल-ऑटो मोबिलिटी एक्सपो के लिए विशाल डोम बनाया जा रहा है।
- नगर निगम व लोक निर्माण विभाग ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट जीआईसी को देखते हुए शहर को संवारने में लगे हैं।
- मप्र टूरिज्म बोर्ड भी मेहमानों की खातिरदारी की व्यवस्था में जुटा हुआ है।
- पहले दिन ही ऊर्जा एवं नवकरणीय ऊर्जा की समिट होगी। इसमें खासतौर पर मोहासा बाबई में बन रहे ऊर्जा पार्क को प्रोजेक्ट कर उसमें बड़ी कंपनियों से निवेश आमंत्रित किया जाएगा।
- डाटा सेंटर में निवेश के प्रयास भी किए जा रहे हैं।





















