'गजनी' फेम प्रदीप रावत पंचतत्व में विलीन, आमिर खान सहित लगान की टीम ने दी अंतिम विदाई

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदीप रावत पिछले कुछ समय से कैंसर से पीड़ित थे। उनके मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने बताया था कि कैंसर दोबारा लौट आया था और पिछले एक महीने से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था।
'गजनी' फेम प्रदीप रावत पंचतत्व में विलीन, आमिर खान सहित लगान की टीम ने दी अंतिम विदाई
पंचत्तव में विलीन हुए गजनी फेम एक्टर प्रदीप रावत

एंटरटेनमेंट डेस्क। फिल्म लगान, गजनी और टीवी के चर्चित शो महाभारत में अपनी दमदार एक्टिंग से पहचान बनाने वाले अभिनेता प्रदीप रावत का बुधवार को मुंबई में अंतिम संस्कार किया गया। गोरेगांव (पश्चिम) स्थित बेस्ट कॉलोनी के पास श्मशान घाट पर परिवार, दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकार उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। इस दौरान उनके बेटे विक्रमादित्य अपने पिता का पार्थिव शरीर देखकर भावुक हो गए।

आमिर खान सहित कई कलाकार अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे

प्रदीप रावत को श्रद्धांजलि देने के लिए अभिनेता आमिर खान, रजा मुराद, अखिलेंद्र मिश्रा, अमीन हाजी और फिल्म लगान की टीम के कई सदस्य पहुंचे। आमिर खान शांत भाव से श्मशान घाट पहुंचे और अपने पुराने साथी को अंतिम विदाई दी। वहीं रजा मुराद भी नम आंखों के साथ अपने दोस्त को श्रद्धांजलि देते नजर आए। उधर, सलमान खान ने सोशल मीडिया पर प्रदीप रावत के साथ अपनी पुरानी तस्वीर साझा कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

यह भी पढ़ें: 'गजनी' फेम एक्टर प्रदीप रावत का निधन : 74 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, दोबारा कैंसर से जूझ रहे थे

कैंसर से जूझ रहे थे प्रदीप रावत

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदीप रावत पिछले कुछ समय से कैंसर से पीड़ित थे। उनके मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने बताया था कि कैंसर दोबारा लौट आया था और पिछले एक महीने से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। मंगलवार शाम 74 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली।

आमिर बोले- उनके बिना 'गजनी' इतनी बड़ी फिल्म नहीं बनती

प्रदीप रावत के निधन पर आमिर खान ने उन्हें याद करते हुए कहा कि वह भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली विलेन कलाकारों में से एक थे। उन्होंने कहा कि 'गजनी' में प्रदीप रावत के दमदार अभिनय ने फिल्म को खास बनाया और उनके बिना यह फिल्म इतनी सफल नहीं हो पाती।

Breaking News

महाभारत से शुरू हुआ था अभिनय सफर

प्रदीप रावत ने अपने करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के मशहूर टीवी धारावाहिक महाभारत से की थी। इस सीरियल में उन्होंने अश्वत्थामा का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया।इसके बाद उन्होंने हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में भी अपनी अलग पहचान बनाई। हिंदी सिनेमा में सरफरोश, लगान, गजनी, ग्रैंड मस्ती और हाल ही में रिलीज हुई छावा जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को काफी सराहा गया। दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी उन्होंने कई यादगार खलनायक की भूमिकाएं निभाईं। रावत अपने दमदार अभिनय और अलग अंदाज के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उनके निधन से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री ने एक बेहतरीन कलाकार खो दिया है।

Aakash Waghmare
By Aakash Waghmare

आकाश वाघमारे | MCU, भोपाल से स्नातक और फिर मास्टर्स | मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के तौर पर 3 वर्षों का क...Read More

Latest Posts