Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शादी मतलब कमाई का जरिया!कैसे मेहमानों से लाखों कमा रहे भारतीय कपल?

भारत में शादी का मतलब अब सिर्फ खर्च नहीं रहा. एक नया ट्रेंड तेजी से सामने आ रहा है, जहां लोग अपनी शादी में विदेशी मेहमानों को बुलाकर हजारों-लाखों रुपये कमा रहे हैं। ये मेहमान रिश्तेदार नहीं बल्कि विदेशी टूरिस्ट होते हैं, जो भारतीय शादी का असली अनुभव लेने के लिए पैसे देकर शामिल होते हैं।
कैसे मेहमानों से लाखों कमा रहे भारतीय कपल?
Ai generated
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भारत में शादी को हमेशा से बड़ा और खर्चीला आयोजन माना जाता रहा है। घर की जमा-पूंजी, लोन और गहनों तक की बात आम रही है, लेकिन अब गेम बदल रहा है। आज की शादियां सिर्फ रस्मों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि कमाई का नया जरिया भी बनती जा रही हैं। देश में एक ऐसा नया ट्रेंड तेजी से उभर रहा है, जहां लोग अपनी शादी में विदेशी मेहमानों को बुलाकर हजारों से लेकर लाखों रुपए तक कमा रहे हैं।

    रिश्तेदार नहीं, विदेशी ट्रैवलर्स बन रहे मेहमान

    इस ट्रेंड की सबसे खास बात यह है कि शादी में आने वाले विदेशी मेहमान कोई रिश्तेदार या दोस्त नहीं होते। ये वो विदेशी ट्रैवलर्स होते हैं, जो भारत घूमने के दौरान किसी असली भारतीय शादी का अनुभव लेना चाहते हैं। रंग-बिरंगे कपड़े, ढोल-नगाड़े, पारंपरिक खाना, हल्दी-मेहंदी, संगीत और बड़ी भीड़ यही सब चीजें विदेशियों को भारतीय शादियों की ओर खींचती हैं। ये विदेशी मेहमान शादी में शामिल होने के लिए टिकट खरीदते हैं और पूरे उत्साह के साथ रस्मों में हिस्सा लेते हैं।

    Join My Wedding: कमाई का नया साधन

    इस नए ट्रेंड को आगे बढ़ाने में Join My Wedding नाम का एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अहम भूमिका निभा रहा है। इस वेबसाइट पर शादी करने वाले कपल्स अपनी शादी की पूरी जानकारी रजिस्टर करते हैं। इसमें शादी की तारीख, जगह, रस्में और मेहमानों के लिए जरूरी बातें शामिल होती हैं। इसके बाद विदेशी सैलानी इस प्लेटफॉर्म पर अपनी पसंद की शादी चुनते हैं और उसमें शामिल होने के लिए टिकट खरीदते हैं। यही टिकट कपल्स के लिए कमाई का जरिया बनता है।

    विदेशी मेहमान क्यों देते हैं पैसे?

    विदेशी पर्यटकों के लिए भारतीय शादी सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक कल्चरल एक्सपीरियंस है. वे असली भारतीय परंपराओं को करीब से देखना चाहते हैं।शादी में आने से पहले कई विदेशी मेहमान पारंपरिक भारतीय कपड़े खरीदते हैं, जैसे साड़ी, लहंगा या कुर्ता-पायजामा। वे नाचते हैं, फोटो खिंचवाते हैं, भारतीय खाना खाते हैं और शादी की यादों को अपने कैमरे और दिल में कैद कर लेते हैं. इस अनोखे अनुभव के लिए वे खुशी-खुशी पैसे खर्च करते हैं।

    एक महीने में 900 से ज्यादा शादियां लिस्ट

    आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर 2023 में ही इस प्लेटफॉर्म पर 900 से ज्यादा भारतीय शादियां लिस्ट की गई थीं. इससे साफ है कि यह ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। कई कपल्स का कहना है कि विदेशी मेहमानों से मिलने वाली रकम से टेंट, केटरिंग, डेकोरेशन और म्यूजिक जैसे बड़े खर्च आसानी से निकल जाते हैं। कुछ लोगों के लिए यह कमाई का जरिया है, तो कुछ के लिए यह शादी को और यादगार बनाने का तरीका।

    बड़े शहरों से छोटे शहरों तक पहुंचा ट्रेंड

    पहले यह चलन दिल्ली, मुंबई और जयपुर जैसे बड़े शहरों तक सीमित था, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। वेडिंग प्लानर्स के अनुसार पटना, बरेली और अन्य छोटे शहरों से भी विदेशी मेहमानों को शादी में बुलाने को लेकर पूछताछ आने लगी है। भारतीय शादियों का आकर्षण सिर्फ शाही वेन्यू तक सीमित नहीं, बल्कि छोटे शहरों की सादगी भी विदेशियों को पसंद आ रही है।

    ऐसे करें रजिस्ट्रेशन

    अगर आप भी अपनी शादी में विदेशी मेहमान बुलाकर कमाई करना चाहते हैं, तो इसके लिए प्रक्रिया काफी आसान है। आप joinmywedding.com वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। यहां आपको शादी से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी भरनी होती है। इसके बाद विदेशी सैलानी आपकी शादी को चुनकर टिकट खरीद सकते हैं और उसमें शामिल हो सकते हैं।

    शादी का खर्च भी निकले

    कुल मिलाकर यह नया वेडिंग ट्रेंड भारतीय शादियों को एक नया आयाम दे रहा है। जहां एक तरफ शादी का खर्च हल्का हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ दूल्हा-दुल्हन और विदेशी मेहमानों के लिए यह जिंदगी भर याद रहने वाला अनुभव बन रहा है। शादी अब सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि स्मार्ट प्लानिंग और इनोवेशन का नया उदाहरण बनती जा रही है।

    Garima Vishwakarma
    By Garima Vishwakarma

    गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

    Latest Posts