Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर:फ्लाइट से सफर, ट्रेनों में चोरी; लग्जरी लाइफ के लिए शातिर चोर का अनोखा तरीका

जीआरपी पुलिस ने ऐसे बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो चोरी करने फ्लाइट से आता था और ट्रेनों में वारदात को अंजाम देता था। आरोपी लंबे समय से ट्रेन में चोरियों की वारदात को अंजाम दे रहा था। कई राज्यों में सक्रिय इस आरोपी को पुलिस ने तकनीकी जांच और निगरानी के बाद गिरफ्तार किया है।
फ्लाइट से सफर, ट्रेनों में चोरी; लग्जरी लाइफ के लिए शातिर चोर का अनोखा तरीका
AI GENERATED IMAGE

इंदौर। जीआरपी पुलिस ने उत्तराखंड निवासी जितेंद्र चावला उर्फ जीतू को गिरफ्तार किया है, जो फ्लाइट से अलग-अलग शहरों में पहुंचकर ट्रेनों में चोरी करता था। आरोपी ने इंदौर निवासी महिला के पर्स से 15 लाख रुपए के सोने के जेवर चुराए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवर बरामद कर लिए हैं।

महिला यात्री का पर्स चोरी होने के बाद शुरू हुई जांच

जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने 16 मार्च को अहमदाबाद से इंदौर आ रही इंदौर निवासी महिला मीना का पर्स चुरा लिया था। पर्स में 15 लाख रुपए के सोने के जेवर रखे हुए थे। महिला की शिकायत पर जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया और लगातार उसकी तलाश की जाती रही।

ये भी पढ़ें: नीरव मोदी को बड़ा झटका: लंदन हाईकोर्ट ने बैंक ऑफ इंडिया को ₹108 करोड़ चुकाने का दिया आदेश

500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले

आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने फरीदाबाद, बरेली, मुरादाबाद, बदायूं समेत कई शहरों के 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर आखिरकार आरोपी को नीमच से पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने का हार, कान के टॉप्स, दो सोने के कंगन और चार सोने की अंगूठियां जब्त की हैं। पूछताछ में आरोपी ने कई खुलासे किए। 

Breaking News

लग्जरी लाइफस्टाइल का शौकीन है आरोपी 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि महंगे शौक और लग्जरी लाइफस्टाइल को बनाए रखने के लिए वह ट्रेनों में चोरी करता था। वह लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों पर नजर रखता था और मौका मिलते ही सामान लेकर फरार हो जाता था। लंबे समय से वह अलग-अलग राज्यों में वारदातों को अंजाम दे रहा था।

ये भी पढ़ें: कार्तिकेय चौहान मानहानि केस : राहुल गांधी ने कोर्ट में मांगी माफी, कहा- गलती से रमन सिंह के बजाए शिवराज सिंह का नाम लिया

फेसबुक पर युवतियों से करता था दोस्ती 

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फेसबुक के जरिए युवतियों से दोस्ती करता था। उनसे मिलने के बहाने वह अलग-अलग शहरों में पहुंचता और वहीं रहते हुए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी के खिलाफ तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में 20 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts