Pune Lohagarh Case:मंगेतर की मौत पर बहाए आंसू, जांच में निकली साजिश; लोहागढ़ केस में चौंकाने वाले खुलासे

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले में 26 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा बताया गया था लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ने पर कहानी पूरी तरह बदल गई। जांच एजेंसियों का दावा है कि यह एक सुनियोजित साजिश थी, जिसमें केतन को खाई में गिराकर मौत के घाट उतारा गया। मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल सबूत और आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मृतक की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।
हादसा नहीं, हत्या की तरफ इशारा
18 जून को लोहागढ़ किले में हुई घटना के बाद शुरुआत में पुलिस ने इसे दुर्घटना मानते हुए मामला दर्ज किया था। सिया गोयल ने बताया था कि फोटो खिंचवाते समय केतन का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में गिर गया। लेकिन जांच के दौरान मिले कई सबूतों ने इस कहानी पर सवाल खड़े कर दिए। पुलिस को मोबाइल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल जानकारियों से ऐसे संकेत मिले, जिनके बाद पूरे मामले की दोबारा गहन जांच की गई। इसी दौरान कथित साजिश का खुलासा हुआ।
किसी और से जुड़ा था रिश्ता
जांच अधिकारियों के मुताबिक, सिया गोयल और चेतन चौधरी लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी और वे एक-दूसरे को करीब एक साल से जानते थे। पुलिस का दावा है कि सिया इस शादी से खुश नहीं थी और अपने प्रेम संबंध को आगे बढ़ाना चाहती थी। इसी वजह से केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई। जांच में सामने आया कि दोनों के बीच हजारों बार फोन पर बातचीत हुई थी, जिसने पुलिस के शक को और मजबूत किया।
ये भी पढ़ें: Pune Ketan Agarwal Death Case : पिता ने कहा- सिया और चेतन दोनों ने माना केतन को धक्का देकर मारा, परिवार के सदस्यों पर भी संदेह
पहली कोशिश नाकाम
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि केतन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश पहले भी की गई थी। हालांकि उस समय योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद आरोपियों ने नया तरीका अपनाया और जन्मदिन के बहाने दोबारा उसी जगह जाने की योजना बनाई। बताया जा रहा है कि सिया ने अपने जन्मदिन के मौके पर लोहागढ़ किले जाने की इच्छा जताई थी। इसे सामान्य पिकनिक और सेलिब्रेशन की तरह पेश किया गया, जिससे किसी को कोई शक नहीं हुआ।
जन्मदिन की आउटिंग बनी आखिरी यात्रा
18 जून को केतन अपने दोस्तों और मंगेतर के साथ लोहागढ़ किले पहुंचा। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान चेतन चौधरी भी वहां पहुंचा। जांच में सामने आया कि एक सुनसान जगह पर केतन को खाई के किनारे ले जाया गया और फिर उसे नीचे धक्का दे दिया गया। करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद पूरे मामले को हादसा दिखाने की कोशिश की गई और पुलिस को दुर्घटना की कहानी सुनाई गई।
सोशल मीडिया पोस्ट भी जांच के दायरे में
घटना के बाद सिया गोयल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी। उसने केतन को याद करते हुए कई भावनात्मक बातें लिखी थीं और गहरा दुख जताया था। अब यह पोस्ट भी पुलिस जांच का हिस्सा बन गई है। जांच अधिकारी घटना के बाद की गतिविधियों और डिजिटल रिकॉर्ड को भी महत्वपूर्ण सबूत के रूप में देख रहे हैं।
सिया की इंस्टाग्राम स्टोरी
परिवार को नहीं था किसी अनहोनी का अंदेशा
केतन के परिवार का कहना है कि वे शादी की तैयारियों में व्यस्त थे और उन्हें कभी नहीं लगा कि रिश्ते के पीछे कोई विवाद या तनाव है। परिवार के लोग सिया को अच्छी तरह जानते थे और उसके व्यवहार पर कभी शक नहीं हुआ। केतन की मां ने बताया कि वह अक्सर उनके साथ समय बिताती थी और परिवार का हिस्सा बन चुकी थी। इसलिए इस पूरे मामले ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
ये भी पढ़ें: Operation Tiger : क्या है ऑपरेशन टाइगर, महाराष्ट्र की राजनीति में क्यों हो रही बार- बार चर्चा
पुलिस हिरासत में दोनों आरोपी
पुणे पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है और आगे भी कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।











