IPL 2024 : रोहित को कप्तानी से हटाने पर भड़के फैंस, सोशल मीडिया पर जमकर निकाली भड़ास, ट्रेंडिंग में टॉप पर #ShameOnMI, इंस्टा पर 24 घंटे में घटे 9 लाख फॉलोअर्स

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2024 सीजन से पहले मुंबई इंडियंस की जमकर ट्रोलिंग हो रही है। टीम की कप्तानी से रोहित की छुट्टी कर हार्दिक पांड्या को कमान देने के बाद से रोहित के फैंस जमकर भड़के हुए हैं। फैंस का पूरा गुस्सा फिलहाल सोशल मीडिया पर निकल रहा है। कप्तानी से हटाए जाने के टीम मैनेजमेंट के फैसले को रोहित के चाहने वाले पूरी तरह से गलत ठहरा रहे हैं और सोशल मीडिया पर मुंबई इंडियंस के प्रबंधन पर तीखे-तीखे कमेंट कर रहे हैं। इस गुस्से का नतीजा ये हुआ कि #शेमऑनएमआई (#ShameOnMI) ट्विटर पर टॉप पर ट्रेड कर रहा है। इतना ही नहीं फैंस तो मुंबई इंडियंस के प्रबंधन के साथ टीम की मालकिन नीता अंबानी के साथ पूरे परिवार को कोस रहे हैं।
फैंस का गुस्सा चरम पर
फिलहाल फैंस को ये रास नहीं आ रहा कि आखिर क्यों गुजरात टाइटंस से लाए गए हार्दिक पांड्या को तरजीह दी जा रही है। इसके साथ ही कई क्रिकेट लवर्स ने तो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "X" पर मुंबई इंडियंस के लिए रेस्ट इन पीस जैसे शोक से भरे शब्दों के जरिए कटाक्ष किया। रोहित के प्रशंसकों के इस सोशल विरोध को देखते हुए "X" पर एक मीम्स बनाने वाले शख्स ने लिखा कि, "जिस दिन से मैं ट्विटर से जुड़ा हूं मैंने रोहित शर्मा के प्रशंसकों का इतना गुस्सा कभी नहीं देखा,यह ऐसा ही है जैसे किसी शख्स पर बहुत अधिक व्यक्तिगत हमलों के बाद एक मरी हुई सेना जंगली हो गई हो। मुझे रोहित के हर उस प्रशंसक पर गर्व हो रहा है, जिसने पैसे कमाने वालों के खिलाफ स्टैंड लिया।"





















