Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

उन्नाव में ‘नीले ड्रम’ जैसा कांड! प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या, फिर बक्से में छिपाई लाश!

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में रायबरेली-उन्नाव हाईवे किनारे लोहे के बक्से में सोनू का शव मिलने के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज की मदद से मामले का खुलासा हुआ। जानें पूरी घटना।
उन्नाव में ‘नीले ड्रम’ जैसा कांड! प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या, फिर बक्से में छिपाई लाश!

मेरठ के चर्चित नीले ड्रम कांड के बाद अब उत्तर प्रदेश के उन्नाव में लोहे के बक्से में शव मिलने से सनसनी फैल गई। रायबरेली-उन्नाव हाईवे किनारे एक बड़े बक्से में खून से लथपथ शव मिला था। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने उसकी पत्नी नेहा रावत समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है।

हाईवे किनारे लावारिस बक्से में मिला शव

पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर की रात रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर हेल्थ अस्पताल के सामने एक भारी लोहे का बक्सा लावारिस हालत में रखा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने बक्सा खोलकर देखा तो उसके अंदर चादर और कंबल में लिपटा एक व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान सोनू के तौर पर हुई। उसके भाई आशु की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमें बनाई गईं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।

CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग

जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी और ANPR कैमरों के फुटेज में एक लोडर संदिग्ध नजर आया। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में यह वाहन बक्से को हाईवे के पास उतारने के बाद खाली लौटता दिखाई दिया। इसके बाद वाहन मालिक से पूछताछ की गई और जांच की दिशा मृतक की पत्नी तथा अन्य संदिग्धों तक पहुंची। पुलिस का दावा है कि करीब 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर लिया गया। इस मामले में नेहा रावत और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया।

Unnao

घरेलू कलह के चलते हत्या की साजिश का आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नेहा ने बताया कि उसकी शादी सोनू से करीब सात से आठ साल पहले हुई थी और उनका पांच साल का बेटा है। नेहा ने आरोप लगाया कि सोनू शराब पीता था और घर में अक्सर झगड़ा तथा मारपीट करता था। पुलिस के मुताबिक, इसी घरेलू विवाद के चलते 19 और 20 अक्टूबर की दरमियानी रात सोनू की हत्या की गई। आरोप है कि सोते समय उस पर सिलबट्टे के बट्टे से वार किया गया और फिर कंबल से उसका मुंह दबाया गया।

लोडर से ले जाकर हाईवे किनारे फेंका बक्सा

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए 1,200 रुपये में लोडर किराए पर लिया गया। आरोप है कि सहयोगियों की मदद से शव को लोहे के बक्से में रखकर हाईवे किनारे छोड़ दिया गया। पुलिस ने मामले में इस्तेमाल किया गया बट्टा, लोहे का बक्सा और लोडर बरामद करने की बात कही है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों का अंतिम फैसला अदालत में होगा।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts