भोपाल में LNCT ग्रुप पर ED का छापा...200 करोड़ रुपए की हेराफेरी में कार्रवाई

भोपाल। राजधानी का एलएनसीटी (LNCT) ग्रुप एक बार फिर सुर्खियों में है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने समूह से जुड़े शैक्षणिक संस्थानों और अन्य ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई करीब 200 करोड़ रुपए की कथित वित्तीय गड़बड़ियों और धन के दुरुपयोग के आरोपों से जुड़े मामले में की जा रही है। बताया जा रहा है कि जांच का दायरा केवल भोपाल तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य शहरों में मौजूद संस्थानों और संबंधित परिसरों तक भी फैला हुआ है।
EOW की FIR के बाद ED की एंट्री
मामले की शुरुआत मध्य प्रदेश आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) द्वारा दर्ज की गई एफआईआर से हुई थी। जांच एजेंसी ने LNCT ग्रुप के चौकसे परिवार पर 200 करोड़ रुपए से ज्यादा की वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप लगाए थे। इसी आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच शुरू की और अब दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन तथा बैंक खातों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण वित्तीय जानकारियां सामने आ सकती हैं।
फीस, स्कॉलरशिप और एजुकेशन लोन पर सवाल
EOW की जांच में आरोप लगाया गया था कि छात्रों की फीस, सरकारी स्कॉलरशिप और शिक्षा ऋण से जुड़ी राशि का कथित रूप से गलत उपयोग किया गया। आरोप है कि छात्रों के हित में खर्च होने वाली रकम को निजी कंपनियों और अन्य संस्थाओं के खातों में ट्रांसफर किया गया। इसके अलावा शिक्षा के नाम पर लिए गए ऋण का उपयोग निजी संपत्तियों और व्यावसायिक गतिविधियों में किए जाने के भी आरोप हैं।












