Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राशन घोटाले पर ED की कार्रवाई : प. बंगाल के मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक को किया गिरफ्तार

Follow on Google News
राशन घोटाले पर ED की कार्रवाई : प. बंगाल के मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक को किया गिरफ्तार
कोलकाता। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपए के कथित राशन वितरण घोटाले से संबंधित धन शोधन मामले में राज्य के मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक को गिरफ्तार कर लिया है। ईडी के अधिकारियों ने बताया कि मंत्री को 17-18 घंटे से अधिक की पूछताछ के बाद शुक्रवार तड़के धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया गया।

अदालत में किया जाएगा पेश

ईडी अधिकारियों ने कहा कि मलिक को तड़के साढ़े तीन बजे कोलकाता के बाहरी इलाके में स्थित सॉल्ट लेक में उनके आवास से यहां ईडी के कार्यालय लाया गया। मलिक को एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा जहां ईडी उनकी हिरासत का अनुरोध करेगा। मलिक मधुमेह के रोगी हैं और उन्हें कई अन्य बीमारियां भी हैं। उन्हें कोलकाता के दक्षिणी भाग में जोका के एक ईएसआई अस्पताल ले जाया गया जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।

मैं बहुत बड़ी साजिश का शिकार हुआ हूं : मलिक

कथित राशन वितरण घोटाला से संबंधित मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद तृणमूल कांग्रेस के मंत्री ने कहा, ‘मैं बहुत बड़ी साजिश का शिकार हुआ हूं।' मलिक ने यह भी आरोप लगाया कि यह साजिश भाजपा और उसके नेता शुभेंदु अधिकारी ने रची है जो पहले तृणमूल कांग्रेस पार्टी में पूर्व सहयोगी थे। मलिक वर्तमान में राज्य के वन मंत्री हैं और इससे पहले वह खाद्य एवं आपूर्ति विभाग का जिम्मा संभाल रहे थे। ईडी ने इससे पहले मंत्री बकिबुर रहमान के एक विश्वासपात्र को गिरफ्तार किया था, जिसकी रिमांड इस सप्ताह खत्म होने वाली है। सूत्रों ने कहा कि ईडी मामले में घटनाक्रमों के बारे में दोनों का बयान जानने के लिए उन्हें आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती है।

मलिक के ठिकानों पर मारी थी रेड

ईडी ने गुरुवार को मलिक के परिसरों पर तलाशी शुरू की थी। ईडी ने मध्य कोलकाता में एमहर्स्ट स्ट्रीट पर उनके पैतृक आवास की भी तलाशी ली। कथित घोटाला सार्वजनिक वितरण प्रणाली और कोविड लॉकडाउन के दौरान खाद्यान्न वितरण में कथित अनियमितताओं से संबंधित है। इससे पहले गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूछताछ के दौरान मलिक को कुछ भी होने की स्थिति में पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की चेतावनी दी थी। ममता के अनुसार, मलिक बीमार हैं और उन्हें स्वास्थ्य से जुड़ी कई परेशानियां हैं। ममता बनर्जी ने विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ ईडी की छापेमारी को भाजपा की ‘एक गंदी राजनीति' बताया है। ये भी पढ़ें- कोलकाता में पं. बंगाल के मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक के घर पर ED की छापेमारी, जानें किस मामले में घिरे वन मंत्री
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts