🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

पहले पति से विवाद, फिर 17 बार फोन... दुर्ग में नवविवाहिता रवीना ने फांसी लगाकर दी जान

दुर्ग के उमरपोटी में 23 साल की नवविवाहिता रवीना यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पति के घर से चले जाने की बात सामने आई है। इसके कुछ घंटों बाद रवीना का शव कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।
Follow on Google News
पहले पति से विवाद, फिर 17 बार फोन... दुर्ग में नवविवाहिता रवीना ने फांसी लगाकर दी जान
दुर्ग में नवविवाहिता रवीना ने फांसी लगाकर दी जान

दुर्ग। पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले रवीना और उसके पति विपुल यादव के बीच एक तीसरी महिला को लेकर विवाद हुआ था। मायके पक्ष ने पति पर प्रताड़ित करने और कथित प्रेम संबंधों को लेकर विवाद के आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि रवीना ने रात करीब 12 से 2 बजे के बीच पति को करीब 17 बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। घटना से पहले उसने कथित प्रेमिका को भी फोन किया था और दोनों के बीच करीब 15 मिनट बातचीत होने की बात कही गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और मोबाइल, कॉल डिटेल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

पति के घर से जाने के बाद कमरे में मिली रवीना

मामला छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के उमरपोटी का है। उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली रवीना यादव अपने पति विपुल यादव के साथ यहां रह रही थी। दोनों की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। घटना वाली रात दोनों घर में मौजूद थे। इसी दौरान पति के कथित प्रेम संबंध को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई। मायके पक्ष का आरोप है कि विवाद के बाद विपुल रवीना को कमरे में छोड़कर घर से चला गया। इसके बाद रवीना ने पति से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। 

ये भी पढ़ें: Durg Bhilai: भिलाई में तीन मासूम बच्चियों से हैवानियत,59 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

रात में 17 बार पति को फोन करने का दावा

रवीना के मायके वालों ने पुलिस को दिए बयान में घटना से पहले की परिस्थितियों को लेकर कई बातें बताई हैं। परिवार के मुताबिक, रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच रवीना ने अपने पति विपुल को करीब 17 बार फोन किया था। परिजनों का दावा है कि इतने फोन करने के बावजूद विपुल ने कोई जवाब नहीं दिया। इससे पहले रात करीब 8:30 बजे रवीना ने उस महिला को भी फोन किया था, जिसके साथ उसके पति के संबंध होने का आरोप लगाया जा रहा है। दोनों के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई थी। परिवार का कहना है कि इस बातचीत में रवीना ने पति और उस महिला के रिश्ते को लेकर बात की थी। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Breaking News

मायके वालों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

रवीना की मौत की सूचना मिलने के बाद जौनपुर से उसके मायके वाले दुर्ग पहुंचे। परिजनों ने पति विपुल यादव पर रवीना को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। परिवार का दावा है कि पति-पत्नी के बीच शादी से पहले से ही मतभेद चल रहे थे और सगाई के बाद दोनों के रिश्ते में तनाव शुरू हो गया था। मायके पक्ष ने शादी से पहले रवीना की निजी तस्वीरों को लेकर विवाद होने की बात भी कही है। इसके अलावा परिजनों ने शादी के लिए पैसों के लेनदेन से जुड़े आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जाएगी। फिलहाल किसी भी आरोप को जांच पूरी होने से पहले प्रमाणित नहीं माना गया है और पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों को जुटा रही है।

महिला मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा

रवीना की शादी को करीब डेढ़ साल ही हुए थे, इसलिए नवविवाहिता की मौत के मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत पंचनामा महिला कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मामला उतई थाने में दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम महिला डॉक्टरों की गठित टीम ने किया। पोस्टमार्टम के बाद रवीना के पिता और अन्य परिजन शव लेकर जौनपुर रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से फिलहाल किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस के सामने घटना से पहले की परिस्थितियों को स्पष्ट करने की चुनौती है। 

ये भी पढ़ें: Raipur: धमतरी के बारना में पढ़ाई चौपट होने से फूटा गुस्सा,छात्राओं के साथ धरने पर बैठे परिजन और ग्रामीण, तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति की मांग

मोबाइल और कॉल डिटेल से खुलेगा घटना का राज

पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद विपुल घर से चला गया और इसी दौरान रवीना ने कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। मृतका के परिजनों ने पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए शिकायत पत्र दिया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी। 

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts