Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Cabinet : मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को सौंपे नाम, विधायकों को फोन पर सूचना, लंबे इंतजार के बाद आज होगा मंत्रिमंडल विस्तार

Follow on Google News
MP Cabinet : मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को सौंपे नाम, विधायकों को फोन पर सूचना, लंबे इंतजार के बाद आज होगा मंत्रिमंडल विस्तार
भोपाल। मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नई बीजेपी सरकार बनने के 12 दिन बाद आज मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। पिछले कई दिनों से विस्तार को लेकर मंथन व अटकलों का दौर चल रहा था। सोमवार दोपहर साढ़े 3 बजे राजभवन में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसमें 25-28 मंत्रियों को शपथ दिलाने की संभावना है। वहीं मुख्यमंत्री ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को विधायकों के नाम सौंपे।

सीएम ने राज्यपाल से की मुलाकात

शपथ ग्रहण समारोह से पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने सुबह करीब सवा 9 बजे राजभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगु भाई पटेल से मुलाकात की। 20 मिनट तक सीएम यादव और राज्यपाल के बीच मुलाकात हुई है। प्रदेश के मंत्रिमंडल गठन को लेकर सीएम ने राज्यपाल को मंत्रियों के नामों वाली सूची सौंप दी है। इसमें उन विधायकों के नाम सौंपे हैं, जो मंत्री के रूप में शपथ लेंगे। देखें वीडियो... https://twitter.com/psamachar1/status/1739148446941257779

विधायकों को फोन पर दी सूचना

इधर, मंत्रिमंडल शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल होंगे। वे दोपहर 2 बजे भोपाल पहुंच जाएंगे। जिन विधायकों को मंत्री बनाया जा रहा है, उन्हें फोन पर सूचना मिलने लगी है। भोपाल आने का न्योता दिया जा रहा है। पूर्व सांसद और जबलपुर पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक राकेश सिंह को भोपाल से आज सुबह फोन आया। इसके कुछ देर बाद ही वे भोपाल के लिए रवाना हो गए। इंदौर-1 से विधायक कैलाश विजयवर्गीय को भी फोन पर सूचना दी गई है। वहीं भोपाल की गोविंदपुरा विधानसभा सीट से विधायक कृष्णा गौर, नरेला विधायक विश्वास सारंग और सांवेर से विधायक तुलसीराम सिलावट को फोन पर मंत्रिमंडल में शामिल होने की सूचना मिल गई है। साथ ही राजभवन में नए मंत्रियों के लिए 28 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है।

महामहिम हमारे नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे : सीएम

राज्यपाल से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह दोपहर साढ़े 3 बजे राजभवन में होगा। हालांकि, उन्होंने मंत्रियों के नाम और उनकी संख्या पर कोई जवाब नहीं दिया। सीएम ने कहा कि - महामहिम आज हमारे नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में और सभी वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में नया मंत्रिमंडल सरकार गठन के साथ प्रदेश के बेहतरी के लिए काम करेगा।

राजभवन के आस पास बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था

भोपाल स्थित राजभवन में मंत्रिमंडल शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था भी बदली रहेगी। दोपहर 01.30 बजे से कई इलाकों में यातायात प्रतिबंधित रहेगा। रोशनपुरा चौराहे से पुराना पुलिस कंट्रोल रूम तिराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा से राजभवन, बाणगंगा से राजभवन, एमएलए रेस्ट हाउस से राजभवन एवं मछलीघर तिराहा से गांधी पार्क तिराहा तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने आम जनता से अनुरोध किया है कि वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर यातायात व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें।

इसलिए चुना 25 दिसंबर का दिन

रविवार शाम मुख्यमंत्री डॉ. यादव की केंद्रीय नेताओं से मुलाकात के बाद मध्यप्रदेश के मंत्रिमंडल के नामों पर अंतिम मुहर लग गई। बता दें कि आज 25 दिसंबर को पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म दिन है, भाजपा इसे सुशासन दिवस के रूप में मनाती आ रही है। इस मौके पर मंत्रिमंडल का विस्तार कर भाजपा सुशासन को और बढ़ावा देने का संदेश देना चाहती है। ये भी पढ़ें- MP Cabinet : मोहन मंत्रिमंडल का विस्तार आज, 25 से 28 मंत्री ले सकते हैं, राजभवन में साढ़े 3 बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह

ये हैं संभावित मंत्री

संभावित नामों में कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, गोपाल भार्गव, तुलसी सिलावट, प्रद्युम्न सिंह तोमर, विजय शाह, संपतिया उइके, पन्नालाल शाक्य, अजय विश्नोई, हरिशंकर खटीक, विश्वास सारंग, गायत्री पॅवार, हेमंत खंडेलवाल, विष्णु खत्री, संजय पाठक, कृष्णा गौर, निर्मला भूरिया, नीना वर्मा, रीति पाठक, नागर सिंह चौहान, नारायण सिंह कुशवाह, शैलेंद्र जैन, डॉ योगेश पंडाग्रे, प्रियंका मीणा, गौतम टेटवाल, प्रीतम लोधी और प्रदीप पटेल हो सकते हैं।

नए मंत्रियों के लिए तैयार खड़ी हैं इनोवा, मंत्रालय में बैठक

नए मंत्रियों के लिए 31 गाड़ियां तैयार खड़ी हैं, जो कि सोमवार सुबह शपथ ग्रहण से पहले राजभवन पहुंच जाएंगी। दूसरी ओर, मंत्रालय में शपथ ग्रहण की सूचना मिलते ही तैयारियां तेज हो गई हैं। स्टेट गैरेज इंचार्ज आदित्य रिछारिया ने बताया कि 31 गाड़ियां तैयार हैं। राजभवन से और गाड़ियां मांगी जाएंगी, तो भेज देंगे। इनमें 2021 मॉडल इनोवा क्रिस्टा हैं।सीएम, दोनों डिप्टी सीएम के लिए 2023 मॉडल इनोवा क्रिस्टा भेजी जा चुकी हैं।

एमपी में बीजेपी को मिली बंपर जीत

मध्य प्रदेश में हाल ही में संपन्न होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बंपर जीत हासिल करते हुए बहुमत प्राप्त किया है। बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में 230 में से 163 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस पार्टी सिर्फ 66 सीटों पर सिमट गई। ये भी पढ़ें- Mohan Yadav Cabinet Expansion : एमपी में कल होगा डॉ. मोहन यादव कैबिनेट का विस्तार, दोपहर साढ़े 3 बजे शपथ ग्रहण समारोह
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts