डिंगा-डिंगा वायरस से डांस करने लगते लोग, युगांडा में मचाया कहर, क्या भारत को भी सतर्क होने की जरूरत?
Publish Date: 24 Dec 2024, 12:36 PM (IST)Reading Time: 2 Minute Read
एक समय में कोरोना वायरस ने जमकर कहर बरसाया। जिससे पूरी दुनिया में त्राहि-त्राहि मच गई। कोरोना वायरस के बाद से ही दुनिया में एक से एक खतरनाक वायरस दस्तक दे रहे हैं। इन्हीं में से ही एक अजीब वायरस ने दस्तक दी है। इस वायरस से बॉडी ऐसे कांपने लगती है जैसे पीड़ित इंसान डांस कर रहा है। इसके इसी असर को देखते हुए इस वायरस को डिंगा-डिंगा नाम दिया गया है।
युगांडा में तेजी से फैल रहा वायरस
युगांडा में फैल रहे डिंगा डिंगा वायरस ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। इस वायरस से हर कोई हैरान है और लोगों को इसके बारे में अधिक जानने के लिए जिज्ञासा हो रही है। युगांडा के बुंदीबुग्यो जिले की महिलाओं और लड़कियों को इस वायरस ने पहले चपेट में लिया। वायरस के प्रकोप से बॉडी में इतनी कंपन होती है कि ऐसा लगता सामने वाला डांस कर रहा है।
डिंगा-डिंगा के 300 केस आए सामने
डिंगा-डिंगा वायरस के अब तक करीब 300 केस सामने आए हैं। हालांकि अब तक इस वायरस की वजह से किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन इस बीमारी के तेजी से फैलने के कारण स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है।
क्यों फैल रहा है डिंगा-डिंगा वायरस?
डिंगा-डिंगा वायरस कहां से आया और कैसे फैल रहा है इसकी कोई वजह सामने नही आई है। अभी तक साइंटिस्ट यह पता लगाने में नाकाम हैं कि वायरस के फैलने का असली कारण क्या है। लेकिन अभी तक जो भी केस सामने आए उनके अनुसार यह वायरस महिलाओं और लड़कियों को ही अपनी चपेट में ले रहा है।
क्या वायरस से भारत को सतर्क होने की जरूरत ?
युगांडा में डिंगा-डिंगा वायरस अभी तक चिंता का कारण बना हुआ है। डॉक्टर बताते हैं कि अभी फिलहाल भारत में इस वायरस को लेकर चिंतित होने की बात नहीं है। उन्होंने बताया कि अभी यह वायरस युगांडा के केवल एक जिले में ही फैला हुआ है। इसके अलावा इसके होने की पुष्टि अभी दूसरे शहरों या देश में नहीं हुई है।