Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीता बनने के बाद IPS अफसर बनीं साई पल्लवी, किरदार के लिए बदला लुक, माता-पिता हुए हैरान

रामायण में सीता बनने वाली साई पल्लवी अब IPS अफसर के रोल में नजर आएंगी। फिल्म 'ओम: चैप्टर 1' के लिए उन्होंने अपने लंबे बाल कटवा लिए। नया लुक देखकर मां ने वीडियो कॉल काट दी, तो पिता ने पूछ लिया- विग तो नहीं पहनी? जानिए धनुष और ममूटी की इस फिल्म में साई का किरदार और रिलीज डेट।
सीता बनने के बाद IPS अफसर बनीं साई पल्लवी, किरदार के लिए बदला लुक, माता-पिता हुए हैरान
साई पल्लवी के छोटे बाल देखकर मां को लगा झटका, पिता ने पूछा- विग तो नहीं पहनी?

फिल्मों में अपने किरदार को असली बनाने के लिए कलाकार कई तरह के बदलाव करते हैं। कोई वजन बदलता है तो कोई अपने लुक के साथ नया प्रयोग करता है। अब साई पल्लवी भी अपनी आने वाली फिल्म के लिए कुछ ऐसा ही करती नजर आई हैं। 'रामायण' में सीता का किरदार निभाने वाली साई अब एकदम अलग अंदाज में दिखाई देंगी। उन्होंने अपनी नई फिल्म 'ओम: चैप्टर 1 – उधिरम: द ब्लड वुड' के लिए अपने लंबे बाल तक कटवा लिए। उनका नया लुक देखकर उनके माता-पिता भी हैरान रह गए।

IPS अफसर के किरदार के लिए बदला लुक

साई पल्लवी इस फिल्म में IPS अधिकारी नित्या रेड्डी का किरदार निभा रही हैं। फिल्म में उन्हें लाल चंदन की अवैध तस्करी के मामले की जांच की जिम्मेदारी मिलती है। इस किरदार के लिए साई को अपने लुक में बदलाव करना पड़ा और उन्होंने बाल छोटे करवाने का फैसला लिया। एक इंटरव्यू में साई ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार फिल्म की कहानी सुनी और अपने किरदार को समझा, तो उन्हें यह भूमिका काफी पसंद आई। उन्होंने तय कर लिया कि वह किरदार की जरूरत के हिसाब से खुद को ढालेंगी। इसी वजह से उन्होंने अपने लंबे बाल कटवा लिए।

मां को वीडियो कॉल पर दिखाया नया लुक, पिता भी रह गए हैरान

साई पल्लवी ने बताया कि बाल कटवाने के बाद उन्होंने वीडियो कॉल करके अपनी मां को नया लुक दिखाया। लेकिन मां उन्हें इस अंदाज में देखकर हैरान रह गईं। वह उनसे लगातार पूछने लगीं कि आखिर उन्होंने अपने बाल क्यों कटवा लिए। साई के मुताबिक, उनकी मां ने कुछ देर बाद कॉल ही काट दी। इसके बाद उनके पिता का फोन आया। उन्होंने भी साई का नया लुक देखकर पूछा कि क्या उन्होंने विग पहनी है? साई ने उन्हें समझाया कि यह कोई विग नहीं है, बल्कि फिल्म में उनके किरदार की जरूरत है। उन्होंने बताया कि माता-पिता को उनके इस नए हेयरस्टाइल के साथ सहज होने में काफी समय लगा।

डायरेक्टर ने भी की साई पल्लवी की तारीफ

फिल्म के निर्देशक राजकुमार पेरियासामी ने भी साई के इस फैसले की तारीफ की। उन्होंने कहा कि फिल्म में किरदार की जरूरत के हिसाब से कई बदलाव किए जाते हैं। साई का यह नया लुक भी उनके किरदार के लिए बिल्कुल सही था। निर्देशक के मुताबिक, साई ने कहानी को पसंद किया और अपने किरदार के लिए बाल कटवाने का फैसला लिया। यह दिखाता है कि वह अपने काम और कहानी को लेकर कितनी गंभीर हैं।

ये भी पढ़ें: सोनाक्षी सिन्हा की फर्जी तस्वीरें शेयर करने के केस में ट्विस्ट, आरोपी की गिरफ्तारी को कोर्ट ने बताया अवैध

पहले भी साथ काम कर चुके हैं साई और राजकुमार

साई पल्लवी और निर्देशक राजकुमार पेरियासामी इससे पहले फिल्म 'अमरन' में साथ काम कर चुके हैं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। इस फिल्म के लिए राजकुमार को बेस्ट डायरेक्टर का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था। साई ने बताया कि उन्हें निर्देशक पर पूरा भरोसा था। स्क्रिप्ट की मांग को समझते हुए उन्होंने अपने नए हेयरस्टाइल के लिए हामी भर दी। शूटिंग के दौरान वह अपने बालों को स्कार्फ से ढककर रखती थीं, ताकि फिल्म रिलीज होने से पहले उनका नया लुक सामने न आए।

धनुष और ममूटी के साथ नजर आएंगी साई

राजकुमार पेरियासामी के निर्देशन में बन रही 'ओम: चैप्टर 1 – उधिरम: द ब्लड वुड' में धनुष एक लकड़हारे की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं ममूटी भी फिल्म में अहम किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा श्रीलीला और संजय स्वरूप भी फिल्म का हिस्सा हैं। अभिनेता नसीरुद्दीन शाह इस फिल्म के जरिए तमिल सिनेमा में डेब्यू करने जा रहे हैं। फिल्म को धनुष अपने प्रोडक्शन हाउस वंडरबार फिल्म्स के बैनर तले श्रद्धा अग्रवाल और अजमत जगमग के साथ मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।

कब रिलीज होगी फिल्म?

'ओम: चैप्टर 1 – उधिरम: द ब्लड वुड' पहले 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली थी। हालांकि, अब इसकी रिलीज डेट बदलकर 20 नवंबर 2026 कर दी गई है। फिल्म में धनुष, ममूटी और साई पल्लवी की नई जोड़ी देखने को मिलेगी। अब दर्शकों को इंतजार है कि साई पल्लवी का IPS अफसर वाला अंदाज पर्दे पर कितना कमाल दिखाता है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts