Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

धार में बदनावर में तेज रफ्तार ट्राले का कहर, दंपती और बेटी की मौत, दूसरी घायल

धार के बदनावर में शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी और उनकी 14 साल की बेटी की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय बेटी गंभीर घायल है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। लोग स्पीड ब्रेकर और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
धार में बदनावर में तेज रफ्तार ट्राले का कहर, दंपती और बेटी की मौत, दूसरी घायल
ट्राले की टक्कर से बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त

धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला दिया। बदनावर क्षेत्र के पिटगारा तिराहे के पास लेबड़-नयागांव फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक पर एक परिवार के चार सदस्य सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राहुल भाटी, उनकी पत्नी पूजा और 14 वर्षीय बेटी सुमन की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी 12 वर्षीय बेटी शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक ट्राला लेकर फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।

पीछे से आई तेज रफ्तार गाड़ी ने मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 7 बजे पिटगारा तिराहे के पास हुआ। राहुल अपनी पत्नी पूजा और दोनों बेटियों के साथ बाइक से ग्राम धमाना जा रहे थे। परिवार वहां लहसुन की बोवनी के लिए जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई।

PU Special : सीहोर के राजेंद्र ने 17 साल में मुक्तिधाम को बनाया हराभरा उपवन, मृत्युभोज की जगह मुक्तिधाम को दिए एक लाख रुपए

हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत

दुर्घटना में राहुल भाटी, उनकी पत्नी पूजा और 14 वर्षीय बेटी सुमन ने मौके पर दम तोड़ दिया। हादसे में उनकी छोटी बेटी शिवानी गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे पहले बदनावर के सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रतलाम रेफर कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया।

हादसे के बाद हाईवे पर भड़का गुस्सा

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पिटगारा तिराहे पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि हादसे वाली जगह पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। जाम के कारण फोरलेन पर यातायात प्रभावित हुआ और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलने के बाद बदनावर थाना प्रभारी अमित कुशवाह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीएम प्रियंका मिमरोट, एसडीओपी अरविंदसिंह तोमर और तहसीलदार सुरेश नागर भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात कर जाम हटाने और यातायात सामान्य कराने की कोशिश की। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

अमित शाह का भोपाल दौरा आज: डेयरी प्लांट से लेकर IISER परिसर तक कई परियोजनाओं की करेंगे शुरुआत

फरार चालक की तलाश जारी

हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिटगारा तिराहा पहले से ही दुर्घटना के लिहाज से संवेदनशील है। उन्होंने यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...Read More

Latest Posts