PU Special :सीहोर के राजेंद्र ने 17 साल में मुक्तिधाम को बनाया हराभरा उपवन, मृत्युभोज की जगह मुक्तिधाम को दिए एक लाख रुपए

सुनीश शर्मा, सीहोर। राजेंद्र राठौर मंडी मुक्तिधाम समिति के सदस्य हैं और प्रतिदिन यहां पहुंचकर पौधों को पानी देने, खाद डालने, छंटाई और देखभाल जैसे काम करते हैं। करीब 10 एकड़ में अब 5 हजार से अधिक पेड़-पौधे लहलहा रहे हैं, जबकि आधा एकड़ में गुलाब का बगीचा भी विकसित किया गया है। मुक्तिधाम में पौधरोपण के साथ सैकड़ों सीमेंट की कुर्सियां, दो मंदिर, लकड़ी गोदाम, मुंडन कक्ष, पानी की टंकियां और वाटर कूलर जैसी जनसुविधाएं भी विकसित हुई हैं।
मृत्युभोज की जगह मुक्तिधाम को दिया एक लाख
राजेंद्र बताते हैं कि करीब 17 वर्ष पहले माता-पिता के निधन के बाद परिवार ने उनकी स्मृति में कुछ ऐसा करने का निर्णय लिया, जिसका लाभ लंबे समय तक समाज को मिल सके। परिवार ने मृत्युभोज के बजाय करीब एक लाख रुपए मुक्तिधाम के विकास के लिए दान किए। इसी राशि से पौधरोपण की शुरुआत हुई और आज मुक्तिधाम परिसर में कई प्रजातियों के पांच हजार पेड़-पौधे हैं।
ये भी पढ़ें: सीहोर में सरेराह गुंडागर्दी का वीडियो वायरल, युवक को लाठियों से पीटा
10 एकड़ में हरियाली, आधा एकड़ में गुलाब का बगीचा
मंडी मुक्तिधाम की करीब 10 एकड़ भूमि अब हरियाली से ढकी नजर आती है। परिसर में करीब आधा एकड़ क्षेत्र में गुलाब का बगीचा विकसित किया गया है। आम, जामुन, पपीता, चीकू, नाशपाती, सीताफल और बेल सहित करीब 20 प्रजातियों के पांच हजार पेड़-पौधे यहां मौजूद हैं।

17 साल से रोजाना 3 से 4 घंटे पेड़ों की सेवा
राजेंद्र राठौर पिछले 17 वर्षों से रोजाना 3 से 4 घंटे मंडी मुक्तिधाम में पेड़-पौधों की देखभाल में जुटे हैं। वे प्रतिदिन यहां पहुंचकर पौधों को पानी देने, खाद डालने, छंटाई और देखभाल जैसे काम करते हैं। उनकी मेहनत से मुक्तिधाम परिसर में हरियाली लगातार बढ़ी है और बड़ी संख्या में पेड़-पौधे लहलहा रहे हैं।

पौधों के साथ जनसुविधाओं का भी विकास
राजेंद्र राठौर ने मुक्तिधाम के विकास को केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं रखा। समिति के साथ मिलकर उन्होंने लोगों को सहयोग के लिए प्रेरित किया, जिसके बाद दान और सहयोग से यहां सैकड़ों सीमेंट की कुर्सियां लगाई गईं। इसके अलावा दो मंदिर, लकड़ी गोदाम, मुंडन कक्ष, पानी की टंकियां और वाटर कूलर जैसी सुविधाएं भी विकसित हुईं।

नगरपालिका और सामाजिक संस्थाओं का भी मिला सहयोग
मुक्तिधाम के विकास में नगरपालिका और सामाजिक संस्थाओं का भी सहयोग मिला है। राजेंद्र राठौर मंडी मुक्तिधाम समिति के सदस्य हैं और समिति के साथ मिलकर लगातार यहां सुविधाओं और हरियाली को बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। माता-पिता की स्मृति में शुरू किया गया यह प्रयास अब करीब 10 एकड़ में हरियाली और 5 हजार से अधिक पेड़-पौधों के रूप में दिखाई देता है।




















