ताजा खबरराष्ट्रीय

दिल्ली की रेखा सरकार के 100 दिन पूरे, सीएम बोलीं- AAP के लोग सत्ता की भूख में अंधे हो गए; ऑपरेशन सिंदूर की सराहना

नई दिल्ली। रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली की भाजपा सरकार ने शनिवार को अपने 100 दिन पूरे कर लिए। इस मौके पर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम ‘100 दिन सेवा के’ का आयोजन किया गया, जहां मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर भी मौजूद रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री से सीधे सवाल किए। इस दौरान रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला और अपनी सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला।

सीएम ने कह- AAP के लोग सत्ता की भूख में अंधे हो गए

कार्यक्रम के दौरान रेखा गुप्ता ने कहा कि जब रामलीला मैदान से आंदोलन शुरू हुआ था, तब वह भी उसमें शामिल थीं और लाखों लोग उस आंदोलन के साथ जुड़े थे। लेकिन आज वही लोग, जो खुद को आम आदमी कहते थे, सत्ता के इतने लालची हो गए हैं कि अब उन्हें कुछ और नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सड़कों पर, जनता के बीच काम कर रही है। उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी निरंतर जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं।

देशभक्ति सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें बहुत पीड़ा होती है जब वे उन लोगों के बारे में सोचती हैं जो कभी मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठकर सेना पर सवाल उठाते थे और देश के दुश्मनों से हाथ मिलाते थे। उन्होंने साफ किया कि उनकी सरकार देशभक्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

अनुपम खेर के एक सवाल के जवाब में रेखा गुप्ता ने दिल्ली को एक लघु भारत बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सबसे बड़ी खासियत इसकी सांस्कृतिक विविधता है, जहां देश के हर कोने से लोग आकर बसते हैं और एक-दूसरे की परंपराओं को अपनाते हुए मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं।

मोहल्ला क्लिनिक से आयुष्मान आरोग्य मंदिर का सफर अधूरा

रेखा सरकार ने वादा किया था कि दिल्ली में 1139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जाएंगे। लेकिन फिलहाल सिर्फ 500 मोहल्ला क्लिनिक ही कार्यरत हैं और 619 नए केंद्रों के लिए स्थान भी तय नहीं हुए हैं। दिल्ली स्टेट हेल्थ मिशन के अधिकारियों के अनुसार, मोहल्ला क्लिनिक को आरोग्य मंदिर में बदलने की प्रक्रिया अभी अधूरी है।

ऑपरेशन सिंदूर से मिला महिलाओं को सम्मान- सीएम रेखा

रेखा गुप्ता ने देश की सशस्त्र सेनाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस अभियान के लिए धन्यवाद करते हुए कहा कि देश की सभी महिलाएं हमारी सेनाओं को सलाम करती हैं, जिन्होंने दुश्मन के क्षेत्र में जाकर आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट किया।

कांग्रेस और आप ने साधा निशाना

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने रेखा सरकार की 100 दिन की उपलब्धियों पर सवाल उठाए हैं। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा, नशे पर नियंत्रण, प्रदूषण मुक्ति, नालों की सफाई जैसे प्रमुख मुद्दों पर फेल रही है। उन्होंने तीखा बयान देते हुए कहा, “मात्र 100 दिन में ही दिल्ली को वेंटिलेटर पर पहुंचा दिया।”

AAP के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर झूठी रिपोर्टों के सहारे जनता को बहकाने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने फरिश्ते योजना को बंद कर दिया है, जिससे सड़क हादसों में घायल लोगों को प्राइवेट अस्पतालों में मुफ्त इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने यह भी पूछा कि भाजपा द्वारा चुनाव में वादा किया गया 2500 रुपए प्रति महिला कब मिलेंगे?

ये भी पढ़ें- क्या पाक ने मार गिराए 6 लड़ाकू विमान? CDS अनिल चौहान ने खोली पाकिस्तान की पोल, कही ये बात…

संबंधित खबरें...

Back to top button