Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी : देर रात आया ईमेल, 5 दिन में दूसरी घटना; पिछले हफ्ते 40 स्कूलों को मिला था Threat मेल

Follow on Google News
दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी : देर रात आया ईमेल, 5 दिन में दूसरी घटना; पिछले हफ्ते 40 स्कूलों को मिला था Threat मेल
नई दिल्ली। दिल्ली के कई  स्कूलों को फिर से बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल आए हैं। इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस और फायर डिपार्टमेंट को दी गई, जिसके बाद तुरंत जांच शुरू हुई। हालांकि, अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। जिन स्कूलों को बम की धमकी मिली है, उनमें ईस्ट ऑफ कैलाश डीपीएस, सलवान स्कूल, मॉडर्न स्कूल और कैंब्रिज स्कूल शामिल हैं। 5 दिन पहले भी करीब 40 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिला था, जिसमें बम विस्फोट न करने के बदले 30 हजार अमेरिकी डॉलर की मांग की गई थी।

बच्चों के स्कूल बैग में है बम!

धमकी भरे मेल में कहा गया है कि, 'यह ई-मेल आपको सूचित करने के लिए है कि आपके स्कूल परिसर में कई विस्फोटक हैं। मैं यकीन के साथ कह सकता हूं कि आप सभी अपने छात्रों के स्कूल परिसर में प्रवेश करते समय उनके बैग की बार-बार जांच नहीं करते हैं। इस एक्टिविटी में एक सीक्रेट डार्क वेब ग्रप शामिल है और कई रेड रूम भी हैं। बम बिल्डिंग्स को नष्ट करने और लोगों को नुकसान पहुंचाने के लिए पर्याप्त हैं। आज से 14 दिसंबर तक, यानी कल, दोनों दिनों में, एक अपेक्षित पैरेंट्स टीचर मीटिंग (PTM) होने वाली है।' इसमें आगे कहा गया है, 'हमारे गुप्त सूत्रों के माध्यम से यह भी पुष्टि की गई है कि जिन स्कूलों को धमकी दे रहे हैं उनमें से एक स्कूल फिलहाल अपने खेल दिवस के लिए मार्चिंग कर रहा है, जिसमें छात्र एक मैदान में इकट्ठा होते हैं, जिससे एक बड़ी भीड़ जुटती है। 13 दिसंबर 2024 और 14 दिसंबर 2024, ये दोनों दिन आपके स्कूल में बम धमाके हो सकते हैं। 14 दिसंबर को एक निर्धारित पैरेंट्स-टीचर मीटिंग है और इस दिन बम विस्फोट होने का बड़ा फायदा है। यह गोपनीय है कि बम धमाका 13 दिसंबर को किया जाएगा या 14 दिसंबर को,  लेकिन यह निश्चित है कि बम अभी लगाए गए हैं।'

8 दिसंबर को भी आया था ईमेल

सोमवार (9 दिसंबर) सुबह 7.00 बजे स्कूल मैनेजमेंट को धमकी भरे मेल की जानकारी मिली। इस समय तक बच्चे अपनी क्लास के लिए स्कूल पहुंच चुके थे। जिसके बाद एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों से बच्चों को वापस घर भेज दिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इनमें मदर मैरी स्कूल, ब्रिटिश स्कूल, सलवान पब्लिक स्कूल, कैम्ब्रिज स्कूल समेत 40 स्कूल शामिल थे। हालांकि तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। पुलिस के मुताबिक, कई स्कूलों को यह मेल 8 दिसंबर को रात करीब 11:38 बजे भेजा गया। इसमें लिखा है-‘मैंने इमारत के अंदर कई बम लगाए हैं। बम छोटे हैं और बहुत अच्छी तरह से छिपे हुए हैं। इससे इमारत को बहुत ज्यादा नुकसान नहीं होगा, लेकिन विस्फोट होने पर कई लोग घायल हो जाएंगे। अगर मुझे 30 हजार अमेरिकी डॉलर नहीं मिले, तो मैं बम विस्फोट कर दूंगा।’ ये भी पढ़ें- DPS, GD गोयनका समेत दिल्ली के 40 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल के बाद मचा हड़कंप; मांगे 30 हजार डॉलर

पहले भी मिल चुकी है धमकी

  • इससे पहले भी दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। मई 2024 में भी 150 से ज्यादा स्कूलों में बम धमाके की धमकी से जुड़े ईमेल आए थे।
  • दिल्ली के दो और हैदराबाद के एक स्कूल सहित देश भर के कई सीआरपीएफ स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। तमिलनाडु के एक सीआरपीएफ स्कूल को 21 अक्टूबर की रात को सबसे पहले धमकी मिली थी। हालांकि, यह धमकी एक धोखा साबित हुई।
  • हाल के महीनों में, कई भारतीय एयरलाइनों, होटलों, ट्रेन स्टेशनों को बम की धमकियां मिली हैं, जो सभी झूठी साबित हुई हैं।

CRPF स्कूल के बाहर हुआ था ब्लास्ट

दिल्ली में रोहिणी सेक्टर 14 के प्रशांत विहार इलाके में 20 अक्टूबर की सुबह करीब 7:30 बजे CRPF स्कूल के पास धमाका हुआ था। जिससे आस-पास की दुकानें और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और इमारत की दीवार में भी छेद हो गया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। धमाके का CCTV फुटेज भी सामने आया था। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) की टीम जांच करने पहुंची थी। ये भी पढ़ें- दिल्ली CRPF स्कूल ब्लास्ट : खालिस्तानियों ने ली जिम्मेदारी, गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट, Telegram की मदद लेगी पुलिस
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts