दिल्ली में 13 साल बाद फिर बनेंगे राशन कार्ड,CM रेखा गुप्ता ने किया बड़ा ऐलान

दिल्ली के लाखों जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राजधानी में पिछले 13 साल से बंद पड़े नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया अब फिर से शुरू होने जा रही है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घोषणा की कि 15 जून 2026 से नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए जाएंगे। सरकार का दावा है कि लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों को अब जल्द राहत मिलेगी। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार ने पुराने राशन कार्डों का ऑडिट कराया, जिसमें बड़ी संख्या में गड़बड़ियां सामने आई हैं। इसी वजह से अब अपात्र लोगों के कार्ड हटाकर नए पात्र परिवारों को राशन कार्ड जारी किए जाएंगे।
ऑडिट में सामने आईं हजारों गड़बड़ियां
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे लोग मिले जो राशन कार्ड के नियमों के मुताबिक पात्र ही नहीं थे। उन्होंने कहा कि ऑडिट में पता चला कि 1 लाख 44 हजार लोग तय इनकम क्राइटेरिया से ऊपर हैं। 35 हजार लोगों ने पिछले एक साल से राशन नहीं लिया। 29 हजार राशन कार्ड धारकों की मौत हो चुकी है और 23 हजार डुप्लीकेट राशन कार्ड भी मिले हैं। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर 7 लाख 72 हजार से ज्यादा लोग अपात्र पाए गए हैं। अब इन कार्डों को हटाकर जरूरतमंद परिवारों को नया राशन कार्ड दिया जाएगा।
13 साल से अटके थे लाखों आवेदन
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में पिछले 13 सालों के दौरान करीब 3 लाख 72 हजार लोगों ने राशन कार्ड के लिए आवेदन किया था, लेकिन पुराने शासन में उनके कार्ड नहीं बनाए गए। अब सरकार उन सभी लंबित मामलों को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि जिन परिवारों को वास्तव में सरकारी राशन की जरूरत है, उन्हें इसका फायदा मिले। इसी मकसद से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा रही है ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इनकम सीमा बढ़ाने की तैयारी में सरकार
रेखा गुप्ता ने यह भी बताया कि सरकार राशन कार्ड के लिए तय इनकम सीमा को बढ़ाने जा रही है। अभी तक सालाना 1 लाख 25 हजार रुपये तक की आय वाले परिवार ही राशन कार्ड के लिए पात्र माने जाते थे, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 2 लाख 50 हजार रुपये तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार इसको लेकर जल्द कैबिनेट में बिल लाने वाली है। अगर प्रस्ताव पास हो जाता है तो ज्यादा परिवार राशन योजना का लाभ उठा सकेंगे।
ऑनलाइन सिस्टम से आसान होगी प्रक्रिया
सरकार का कहना है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होने से पारदर्शिता बढ़ेगी और फर्जी राशन कार्डों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही पात्र लोगों को समय पर राशन कार्ड मिलने की उम्मीद भी बढ़ जाएगी। दिल्ली सरकार का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब राजधानी में लंबे समय से नए राशन कार्ड नहीं बनने को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। अब 15 जून से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद लाखों लोगों की नजर इस योजना पर टिकी हुई है।












