दिल्ली से दुबई जा रही एमिरेट्स की फ्लाइट से टकराया पक्षी, विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

दिल्ली से दुबई जाने वाली एमिरेट्स की फ्लाइट EK 517 टेकऑफ के दौरान एक पक्षी से टकरा गई। इस घटना में विमान के अगले हिस्से यानी नोज कोन को नुकसान पहुंचा और वह पिचक गया। फ्लाइट को शाम 4:25 बजे उड़ान भरनी थी। घटना के बाद एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ ने विमान की जांच की। सामने आए वीडियो में कर्मचारी विमान के अगले हिस्से का निरीक्षण करते नजर आ रहे हैं। जांच के दौरान विमान को हुए नुकसान का आकलन किया गया।
क्या होती है बर्ड स्ट्राइक?
जब टेकऑफ, लैंडिंग या उड़ान के दौरान कोई पक्षी विमान से टकराता है, तो इसे बर्ड स्ट्राइक कहा जाता है। इससे विमान के अगले हिस्से, विंडशील्ड और इंजन को नुकसान पहुंच सकता है। नुकसान कितना गंभीर होगा, यह पक्षी के आकार, पक्षियों की संख्या और विमान के किस हिस्से से टक्कर हुई है, इस पर निर्भर करता है।
पक्षी इंजन में चले जाएं तो क्या होता है?
अगर पक्षी विमान के इंजन में पहुंच जाते हैं, तो वे तेज गति से घूम रहे ब्लेड से टकरा सकते हैं। इससे इंजन के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो सकते हैं और उड़ान पर असर पड़ सकता है। आधुनिक विमान इंजनों को ऐसी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर डिजाइन और टेस्ट किया जाता है, लेकिन बड़े पक्षी या पक्षियों के झुंड से टक्कर होने पर गंभीर नुकसान का खतरा बना रहता है।




















