Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

टमाटर की जगह आलू से बना रहे थे कैचअप, अहमदाबाद में 10,630 किलो माल जब्त

अहमदाबाद में टोमेटो कैचअप बनाने वाली फैक्ट्री पर छापे में आलू के पेस्ट से तैयार सामान मिला। स्वास्थ्य विभाग ने 10,630 किलो माल जब्त कर फैक्ट्री सील की।
टमाटर की जगह आलू से बना रहे थे कैचअप, अहमदाबाद में 10,630 किलो माल जब्त

गुजरात के अहमदाबाद में टोमेटो कैचअप बनाने वाली एक फैक्ट्री में टमाटर की जगह आलू के पेस्ट, रंग और फ्लेवर का इस्तेमाल किया जा रहा था। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर यहां से 10,630 किलो माल जब्त किया है। इसमें बिक्री के लिए तैयार कैचअप और कच्चा माल शामिल है। कार्रवाई के बाद फैक्ट्री को सील कर दिया गया।

आलू के पेस्ट में मिलाते थे रंग और फ्लेवर

यह कार्रवाई अहमदाबाद के गोता इलाके में मेलड़ी एस्टेट स्थित आई श्री खोडियार गृह उद्योग में की गई। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम को टोमेटो कैचअप, चटनी और शरबत जैसा सामान मिला। जब्त माल में करीब 5,000 किलो बिक्री के लिए तैयार सामान और 5,000 किलो से ज्यादा कच्चा माल शामिल है। अहमदाबाद नगर निगम के फूड सेफ्टी ऑफिसर महेंद्र पटेल के मुताबिक, फैक्ट्री में टमाटर की जगह आलू का इस्तेमाल किया जा रहा था। पहले आलू का पेस्ट बनाया जाता था, फिर उसका पाउडर तैयार किया जाता था। इसमें पानी मिलाकर अलग-अलग रंग और फ्लेवर डाले जाते थे। इसके बाद इसे टोमेटो कैचअप के नाम पर बाजार में सप्लाई किया जाता था।

एक रुपए के पैकेट में भी होती थी सप्लाई

छापे के दौरान फैक्ट्री में पांच किलो के डिब्बों में पैक किया गया कैचअप मिला। इसके अलावा दाबेली और वड़ापाव की दुकानों के लिए एक रुपये वाले छोटे पैकेट भी तैयार किए जा रहे थे। इन पैकेटों को दुकानों पर सप्लाई किया जाना था। स्वास्थ्य विभाग ने मौके से पांच सैंपल लिए हैं। इनके जरिए सामान में इस्तेमाल की गई सामग्री और उसे बनाने के तरीके की जांच की जाएगी।

Breaking News

फैक्ट्री सील, लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई शुरू

स्वास्थ्य विभाग ने फैक्ट्री को सील कर दिया है। साथ ही उसका लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी शुरू की गई है। जब्त किए गए माल को बाजार में भेजने से रोक दिया गया है। आगे की कार्रवाई सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी। अहमदाबाद में कैचअप बनाने वाली फैक्ट्री पर यह दूसरी कार्रवाई है। इससे दो दिन पहले बहेरामपुरा इलाके में भी स्वास्थ्य विभाग ने एक फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब 2,000 किलो टोमेटो कैचअप जब्त किया था।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts