अंकिता भंडारी केस में CBI की कार्रवाई, पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ के आवास पर मारा छापा

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच के बीच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ के हरिद्वार स्थित आवास पर छापा मारा है। वहीं, देहरादून के शिवालिक गेस्ट हाउस में उनसे पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई मामले से जुड़े नए तथ्यों और सोशल मीडिया पर वायरल हुई कथित ऑडियो के सामने आने के बाद हुई है।
हरिद्वार स्थित आवास पर CBI की छापेमारी
अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच में CBI ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी सिलसिले में ज्वालापुर के पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ के हरिद्वार स्थित आवास पर जांच टीम पहुंची। इसके अलावा देहरादून के शिवालिक गेस्ट हाउस में उनसे पूछताछ जारी है। रिपोर्ट के मुताबिक, मामले में पिछले दिनों सामने आए नए तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, छापेमारी के दौरान क्या मिला और पूछताछ में क्या जानकारी सामने आई, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
कथित ऑडियो के बाद जांच तेज
बीते दिसंबर में अभिनेत्री उर्मिला सनावर का एक वीडियो सामने आने के बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इस ऑडियो में कथित तौर पर VIP कनेक्शन को लेकर चर्चा हुई थी और एक वरिष्ठ नेता का नाम भी जोड़ा गया था। अब CBI इस मामले से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। सुरेश राठौड़ से पूछताछ के जरिए जांच एजेंसी मामले की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रही है।
अंकिता के माता-पिता ने CBI अधिकारियों से की मुलाकात
इस बीच अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र भंडारी और मां सोनी देवी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में CBI मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने मामले से जुड़े अहम पहलुओं की जानकारी दी और ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की। CBI अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।
इंडिया गेट पर प्रदर्शन के बाद बढ़ी सियासी हलचल
CBI जांच और अन्य मांगों को लेकर अंकिता के माता-पिता ने दो दिन पहले दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदर्शन किया था। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समर्थन दिया था। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया था। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक हलचल जारी है। ऐसे में पूर्व विधायक के आवास पर CBI की छापेमारी और पूछताछ को जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है। हालांकि, इस कार्रवाई के नतीजों को लेकर एजेंसी की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।




















