Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिल्ली के बाद बेंगलुरु के 40 प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, थ्रेट मेल से लोगों में दहशत; जांच में जुटी पुलिस और बम निरोधक दस्ता

देश की राजधानी दिल्ली और टेक हब बेंगलुरु में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक के बाद एक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने लगे। दिल्ली के 45 से ज्यादा स्कूल और बेंगलुरु के करीब 40 स्कूलों को धमकी भरा मेल भेजा गया है।
Follow on Google News
दिल्ली के बाद बेंगलुरु के 40 प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, थ्रेट मेल से लोगों में दहशत; जांच में जुटी पुलिस और बम निरोधक दस्ता
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    बेंगलुरु। देश की राजधानी दिल्ली और टेक हब बेंगलुरु में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक के बाद एक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने लगे। दिल्ली के 45 से ज्यादा स्कूल और बेंगलुरु के करीब 40 स्कूलों को धमकी भरा मेल भेजा गया है। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और फायर सर्विस ने तुरंत मोर्चा संभाला, सभी स्कूलों को खाली कराकर तलाशी शुरू कर दी गई।

    दिल्ली में चौथी बार बम की धमकी

    दिल्ली में पिछले 5 दिनों में यह चौथी बार है जब स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस बार द्वारका, रोहिणी, पश्चिम विहार, संगम विहार, पीतमपुरा सहित कई इलाकों के स्कूल निशाने पर रहे। शुक्रवार सुबह जैसे ही स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले, स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बम निरोधक दस्ते और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और सभी स्कूलों को खाली कराया गया।

    मेल में लिखा- "आप सब तकलीफ के हकदार हैं"

    धमकी भरे ईमेल में बेहद डरावनी भाषा का इस्तेमाल किया गया। मेल में लिखा गया- "मैं आप में से हर एक को इस दुनिया से मिटा दूंगा। मुझे खुशी होगी जब मां-बाप अपने बच्चों के कटे-फटे शव देखने स्कूल आएंगे।"

    ईमेल में खुद को मानसिक रोगों से पीड़ित बताने वाला व्यक्ति लिखता है कि उसने किसी से कभी मदद नहीं पाई, न ही किसी मनोचिकित्सक ने उसकी परवाह की। मेल में यह भी लिखा गया कि वह धमाके के बाद आत्महत्या कर लेगा।

    दिल्ली में लगातार मिल रही धमकियां

    14 जुलाई से अब तक लगातार 4 दिन में दिल्ली के कई स्कूलों और एक कॉलेज को बम धमकी मिली।

    14 जुलाई: नेवी चिल्ड्रन स्कूल (चाणक्यपुरी), CRPF स्कूल (रोहिणी व द्वारका)

    15 जुलाई: सेंट थॉमस स्कूल (द्वारका), सेंट स्टीफन्स कॉलेज

    16 जुलाई: वसंत वैली स्कूल, मदर्स इंटरनेशनल, रिचमंड ग्लोबल, सरदार पटेल विद्यालय

    18 जुलाई: जीडी गोयनका, गुरु नानक स्कूल, अभिनव पब्लिक स्कूल, सावरन स्कूल समेत 20 से ज्यादा स्कूल

    बेंगलुरु के 40 स्कूल भी निशाने पर

    दिल्ली के अलावा बेंगलुरु में भी शुक्रवार को 40 स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले। राजराजेश्वरी नगर, केंगेरी और अन्य इलाकों के स्कूलों को निशाना बनाया गया। ईमेल में लिखा गया कि TNT (ट्राइनाइट्रोटोल्यूइन) विस्फोटक स्कूलों के क्लासरूम में प्लास्टिक बैग में छिपाए गए हैं और कभी भी फट सकते हैं।

    ईमेल [roadkill333@atomicmail.io] नामक संदिग्ध आईडी से भेजा गया। पुलिस और बम स्क्वॉड ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई विस्फोटक नहीं मिला।

    पिछले साल भी धमकी दे चुके हैं छात्र

    दिल्ली पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि पिछले साल दिसंबर में कुछ स्कूलों को बम धमकी देने वाले दो छात्र (भाई-बहन) निकले थे। उन्होंने सिर्फ एग्जाम टालने के लिए यह कदम उठाया था।

    उनकी काउंसलिंग के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था, लेकिन इससे यह साफ है कि कुछ लोग या बच्चे भी इस तरह की हरकत को मजाक या दबाव के तहत अंजाम देते हैं।

    धमकी देना अपराध

    • कई लोग यह नहीं जानते कि बम की झूठी धमकी देना कोई मजाक नहीं बल्कि गंभीर अपराध है।
    • भारतीय कानून के तहत, ऐसी धमकी देने पर 2 से 7 साल की जेल और जुर्माना हो सकता है।
    • अगर धमकी आतंकवादी मकसद से दी गई हो तो BNS की धारा 113(5) के तहत आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है।

    पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

    दिल्ली और बेंगलुरु दोनों जगह पुलिस व खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। मेल ट्रेस करने का प्रयास हो रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समाज में डर फैलाने के लिए ऐसी हरकतें की जाती हैं, लेकिन वे सतर्क हैं और जांच में कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts