Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Delhi Assembly Elections : AAP की चौथी और अंतिम लिस्ट जारी, केजरीवाल नई दिल्ली से तो आतिशी कालकाजी से लड़ेंगी चुनाव

Follow on Google News
Delhi Assembly Elections : AAP की चौथी और अंतिम लिस्ट जारी, केजरीवाल नई दिल्ली से तो आतिशी कालकाजी से लड़ेंगी चुनाव
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए चौथी और अंतिम सूची जारी कर दी है। इसमें 38 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली से चुनाव लड़ेंगे, जबकि वर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी को कालकाजी से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश और सत्येंद्र जैन शकूर बस्ती से चुनाव लड़ेंगे।

तीसरी सूची में केवल एक नाम

आप ने 13 दिसंबर को तीसरी सूची जारी की थी, जिसमें सिर्फ नजफगढ़ से एक उम्मीदवार का नाम था। तरुण यादव को इस सीट से टिकट दिया गया है। नजफगढ़ सीट पर पहले आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री कैलाश गहलोत का कब्जा था। गहलोत ने पिछले महीने पार्टी छोड़कर भाजपा जॉइन कर ली थी।

दूसरी सूची में 20 नाम, 17 विधायकों के टिकट कटे

9 दिसंबर को आप ने 20 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। इसमें पार्टी ने 17 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए, जबकि 3 विधायकों की सीटें बदली गईं। इस सूची में पूर्व डिप्टी मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का नाम खास था, जिन्हें जंगपुरा से उम्मीदवार बनाया गया है। पहले वे पटपड़गंज से चुनाव लड़ते थे। पटपड़गंज सीट पर अब यूपीएससी कोच और छात्रों में सोशल मीडिया पर मशहूर अवध ओझा को टिकट दिया गया है। बता दें, अवध ओझा 2 दिसंबर को आप में शामिल हुए थे। इन सबमें तिमारपुर के विधायक दिलीप पांडेय की भी चर्चा रही। उनका टिकट भी काटकर, उनकी जगह भाजपा से आप में आए सुरेंद्र पाल सिंह बिट्टू को टिकट दिया गया है।

पहली सूची में 11 नाम, दूसरी पार्टियों से आए नेताओं पर दांव

आप ने 21 नवंबर को अपनी पहली सूची जारी की थी। इसमें 11 उम्मीदवारों के नाम थे। इनमें से 6 नेता कांग्रेस और भाजपा छोड़कर आप में शामिल हुए थे। इनमें जुबैर चौधरी, वीर सिंह धींगान और सुमेश शौकीन कांग्रेस से आए थे, जबकि ब्रह्म सिंह तंवर, बीबी त्यागी और अनिल झा भाजपा से पार्टी में शामिल हुए थे।

चुनाव की तारीखों का इंतजार

दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को समाप्त हो रहा है। चुनाव आयोग को इसके पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी करनी है। हालांकि, तारीखों को लेकर अभी कोई ऐलान नहीं हुआ है। चुनाव आयोग द्वारा जल्द ही चुनाव की तारीखों के ऐलान किए जाने की उम्मीद है। ये भी पढ़ें- अभिनेता मुश्ताक खान के अपहरण मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता फरार, शक्ति कपूर थे अगला निशाना
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...Read More

Latest Posts