कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री के बगल से हटी सीएस राणा की कुर्सी!
विभागीय मीटिंग में पहली कतार में ही लगती है कुर्सी

पुष्पेन्द्र सिंह-भोपाल। मध्यप्रदेश में कैबिनेट बैठक के इतिहास में चौंकाने वाली खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सत्ता संभालने के कुछ दिन बाद ही कैबिनेट बैठक के दौरान सीएम के बगल में लगने वाली सीएस की कुर्सी हटा दी गई है। मुख्य सचिव की कुर्सी अब मंत्रियों के पीछे वाली कतार में पहुंच गई है। मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉ. मोहन यादव ने पहली कैबिनेट बैठक 13 दिसंबर 2023 को मंत्रालय में बुलाई थी। इस बैठक में मुख्य सचिव वीरा राणा की कुर्सी सीएम के बगल में लगाई गई थी।
इसके बाद की बैठकों में सीएस की कुर्सी हटा दी गई। 27 फरवरी और तीन सितंबर 2024 को हुई कैबिनेट बैठक में मुख्य सचिव वीरा राणा को मंत्रियों के पीछे वाली दूसरी कतार में पहली कुर्सी में देखा गया। इसके पहले की बैठकों में भी सीएस की कुर्सी सीएम के बगल में नजर नहीं आई। हालांकि विभागीय बैठकों के दौरान सीएस राणा की कुर्सी पहली कतार में लगाई जा रही है।





















