सी.पी. राधाकृष्णन बने भारत के 15वें उपराष्ट्रपति : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिलाई शपथ, समारोह में जगदीप धनखड़ भी रहे मौजूद

Follow on Google News
सी.पी. राधाकृष्णन बने भारत के 15वें उपराष्ट्रपति : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिलाई शपथ, समारोह में जगदीप धनखड़ भी रहे मौजूद
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। भारत को नया उपराष्ट्रपति मिल गया है। चंद्रपुरम पोन्नुसामी (सी.पी.) राधाकृष्णन ने शुक्रवार को 15वें उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी इस्तीफे के बाद पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आए।

    Twitter Post

    भारी बहुमत से बने 15वें उपराष्ट्रपति

    सी.पी. राधाकृष्णन ने 9 सितंबर को हुए चुनाव में विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को बड़े अंतर से हराकर जीत हासिल की। एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन को 452 वोट मिले, जबकि रेड्डी को सिर्फ 300 वोट मिले। इस तरह राधाकृष्णन ने 152 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।

    चुनाव में 781 सांसदों में से 767 ने मतदान किया। इनमें से 752 वोट वैध और 15 वोट अमान्य पाए गए। खास बात यह रही कि राधाकृष्णन को उम्मीद से 14 वोट ज्यादा मिले, जिससे विपक्षी खेमे में क्रॉस-वोटिंग की चर्चा शुरू हो गई है।

    महाराष्ट्र के राज्यपाल पद से दिया इस्तीफा

    शपथ ग्रहण से पहले राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र के राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार सौंपा।

    राजनीति में लंबा और सशक्त सफर

    • सी.पी. राधाकृष्णन का पूरा नाम चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन है। वे किशोरावस्था से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहे।
    • 1974 में वे भारतीय जनसंघ की राज्य कार्यकारिणी समिति के सदस्य बने।
    • 1998 और 1999 में कोयम्बटूर से लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने।
    • वे तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष भी रहे और 19,000 किमी लंबी रथयात्रा निकाली।
    • 2020 से 2022 तक भाजपा के केरल प्रभारी भी रहे।

    संगठन और संसद दोनों में सक्रिय भूमिका

    • राधाकृष्णन को एक बार केंद्रीय मंत्री बनने का मौका लगभग मिल ही गया था, लेकिन नामों की समानता के कारण पद किसी और को दे दिया गया। इसके बावजूद वे संगठन में सक्रिय रहे।
    • 2004 में वे संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बने।
    • उन्हें कॉयर बोर्ड का चेयरमैन भी बनाया गया। उनके कार्यकाल में भारत का कॉयर निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा। 

    निजी जीवन

    सी.पी. राधाकृष्णन की पत्नी का नाम आर. सुमति है। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। हालांकि परिवार के बारे में अधिक जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts