Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मंडला में प्रियंका गांधी की घोषणाओं पर सीएम का हमला : कहा- जिस गांधी परिवार ने पूरे देश को ठगा, उसे अब कमलनाथ ठग रहे

Follow on Google News
मंडला में प्रियंका गांधी की घोषणाओं पर सीएम का हमला : कहा- जिस गांधी परिवार ने पूरे देश को ठगा, उसे अब कमलनाथ ठग रहे
भोपाल। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा गुरुवार को मंडला में की गई घोषणाओं पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हमला बोला है। शुक्रवार को सीएम निवास में बुलाई पत्रकार वार्ता में सीएम ने कहा कि, जिस गांधी परिवार ने पूरे देश को और देश की जनता को ठगा, उस गांधी परिवार को कमलनाथ ठग रहे हैं। 2018 में कमलनाथ ने राहुल गांधी से झूठे वचन दिलवाए और 2023 में प्रियंका गांधी से झूठी गारंटियां दिलवा रहे हैं। लेकिन, ये पब्लिक है, सब जानती है। सीएम ने कहा कि, मंडला में प्रियंका गांधी ने बिना पढ़े ही पढ़ो-पढ़ाओ की घोषणा कर दी। कांग्रेस पूरी तरह से कंफ्यूज है। मैंने वह वीडियो देखा, वे कई घोषणाएं करके बैठ गईं, फिर कांग्रेस नेता उठे और बोले, एक और करो, उन्हें पता ही नहीं कि क्या घोषणा करना है। उन्हें कांग्रेस के नेताओं द्वारा की गईं घोषणाएं पढ़ाई नहीं गईं।

बच्चों का लैपटॉप और साइकिल बंद कर दी

मुख्यमंत्री ने कहा कि, कांग्रेस ने अपने पुराने वचन पत्र में कहा था कि शालेय स्तर के कई बच्चों को गणवेश, पाठ्यपुस्तक, अन्य पठन की उच्च कोटि की सामग्री नि:शुल्क उपलब्ध करवाएंगे। लेकिन, भाजपा सरकार जो  लैपटॉप देती थी, उसे बंद कर दिया था। साइकिल देना बंद कर दी। मेधावी विद्यार्थी योजना ठंडे बस्ते में डाल दी। बच्चों की फीस तक छीन ली। शिवराज ने कहा कि, अब कह रहे हैं कि निशुल्क घर देंगे। जबकि, प्रधानमंत्री ने जो गरीबों के लिए घर स्वीकृत किए थे, इन्होंने वापस कर दिए।

ये पब्लिक है, कांग्रेस का सच जानती है

सीएम ने कहा कि, ठगने के पहले ये तय भी नहीं कर पाते हैं कि ‘महीने’ कहना है कि ‘साल’। ये कांग्रेस का झूठ है। ये राहुल गांधी और प्रियंका से लगातार झूठ बुलवा रहे हैं। लेकिन, ये पब्लिक है, जो सब जानती है।

पहले कुछ लिखते हैं, फिर पढ़ने को कहा

सीएम ने कहा कि पहले कुछ लिखते हैं, फिर पढ़ने को कहते हैं, वह कितने गंभीर हैं। अगर साल में काम नहीं चलेगा, तो हर महीने में आ जाओ। ना लेना है, ना देना है, बस झूठी घोषणाएं करनी हैं।

मुख्यमंत्री ने वीडियो के आधार पर बताया यह

  • प्रियंका बोलती हैं- अभी-अभी एक और घोषणा मुझे बताई गई है, कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक बच्चों की स्कूली शिक्षा निशुल्क होगी।
  • कमलनाथ फिर टोकते हुए प्रियंका से करेक्शन करने को कहते हैं, लेकिन प्रियंका कहती हैं- आप ही बोलिए, नाथ कहते हैं- नहीं आप बोलिए।
  • प्रियंका दोबारा पढ़ते हुए कहती हैं- पहली से लेकर आठवीं तक 500 रु. देंगे, नौंवीं से दसवीं तक 1 हजार, 10वीं से 12वीं तक 1,500 रुपए हर साल देंगे।
  • तभी फिर रणदीप सुरजेवाला कहते हैं- हर साल नहीं, हर महीने। फिर मैडम कहती हैं, लिखा तो इसमें हर साल है।

कांग्रेस में तानाशाही नहीं है : प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि, हम शिक्षा और बच्चों की बात कर रहे हैं, मगर पब्लिक का ध्यान भटकाने वाले लोगों को कुछ और ही समझ में आ रहा है। शिवराज जी, अच्छे लोगों का यही कायदा है कि बड़ों का आदर करते हैं। कांग्रेस में तानाशाही नहीं है कि जहां अपने ही नेताओं का नाम न लिया जाए, बात न सुनी जाए। ये भी पढ़ें- कुछ और सांसदों पर दांव लगा सकती है भाजपा, वीडी शर्मा के लड़ने की अटकलें
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts