CJP का तीसरे दिन भी जंतर- मंतर पर जारी है प्रदर्शन :समर्थकों से मोमबत्तियां लाने की अपील की, किसानों से भी मांगा समर्थन

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं। आंदोलन का नेतृत्व CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके कर रहे हैं।
शाम को कैंडल मार्च का ऐलान
प्रदर्शन के दौरान CJP ने NEET परीक्षा से जुड़े छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं को लेकर श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने का फैसला किया है। संगठन ने शाम 5:30 बजे प्रदर्शनकारियों से मोमबत्तियां लेकर जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है।
अभिजीत दीपके ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि हजारों लोग आंदोलन से जुड़ रहे हैं और धीरे-धीरे यह प्रदर्शन और मजबूत होता जा रहा है। उन्होंने समर्थकों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील भी की।
यह भी पढ़ें: 'पापा बचाओ... आग लग गई है' : बेटे के आखिरी फोन ने बयां किया लखनऊ हादसे का दर्द
किसानों से भी मांगा समर्थन
अभिजीत दीपके ने रविवार को देशभर के किसानों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि जब किसान आंदोलन चल रहा था, तब छात्रों ने उनका समर्थन किया था। अब छात्रों को किसानों के समर्थन की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि यह सिर्फ NEET का मुद्दा नहीं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य का सवाल है।
अनुमति खत्म होने के बाद भी डटे रहे प्रदर्शनकारी
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के लिए शनिवार शाम 5 बजे तक की अनुमति दी थी। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से स्थल खाली करने को कहा, लेकिन उन्होंने वहां से हटने से इनकार कर दिया। इसके बाद कई प्रदर्शनकारी रातभर जंतर-मंतर पर ही डटे रहे और अपना विरोध जारी रखा।
अभिजीत बोले- प्रदर्शकारियों से आधार कार्ड मांग रही पुलिस
अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों की मदद करने वाले लोगों से पुलिस आधार कार्ड और पते की जानकारी मांग रही है। उनके अनुसार, कई लोग फल, जूस और अन्य जरूरी सामान लेकर प्रदर्शन स्थल पहुंचे थे, लेकिन उनसे पूछताछ की गई।हालांकि पुलिस की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
CJP ने प्रशासन से की पानी आपूर्ति की मांग
प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर मूलभूत सुविधाओं की कमी का भी मुद्दा उठाया। दीपके ने दावा किया कि शनिवार रात सार्वजनिक शौचालयों में पानी नहीं था, जिससे लोगों को परेशानी हुई।
उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि प्रदर्शन स्थल पर पानी की आपूर्ति बहाल रखी जाए। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय के लिए बिजली बंद कर दी गई थी, जिससे रात में दिक्कतें बढ़ गईं।
39 दिनों में 16 छात्रों की मौत का दावा
CJP का कहना है कि पिछले 39 दिनों में NEET परीक्षा से जुड़े तनाव और दबाव के कारण 16 छात्र-छात्राएं आत्महत्या कर चुके हैं। हाल ही में हैदराबाद में 19 वर्षीय अभ्यर्थी शेख सना की मौत का मामला भी सामने आया था। बताया गया कि वह NEET री-एग्जाम में शामिल होने वाली थी।
कैसे बनी कॉकरोच जनता पार्टी?
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई में हुई थी। संगठन का नाम उस टिप्पणी से जुड़ा है, जिसमें सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की थी। इसी बयान के विरोध में अभिजीत दीपके और उनके साथियों ने CJP की स्थापना की और इसे युवाओं की आवाज बनाने का दावा किया।











