WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों को सरकार की चेतावनी, एक गलती से हैक हो सकता है अकाउंट; गृह मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी

नई दिल्ली। कंप्यूटर या लैपटॉप पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों के लिए केंद्र सरकार ने साइबर सुरक्षा को लेकर चेतावनी जारी की है। गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की साइबर क्राइम यूनिट ने एडवाइजरी जारी कर बताया है कि कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगइन छोड़ना आपकी निजी जानकारी और अकाउंट की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। कुछ परिस्थितियों में साइबर अपराधी पहले से लॉगइन WhatsApp Web सेशन का गलत इस्तेमाल कर अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर सकते हैं। सरकार ने खासतौर पर ऑफिस के कंप्यूटर, साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर और सार्वजनिक सिस्टम पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों को सावधान रहने को कहा है। एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि केवल ब्राउजर का टैब बंद करने से WhatsApp Web लॉगआउट नहीं होता। ऐसे में कंप्यूटर का इस्तेमाल करने वाला कोई दूसरा व्यक्ति भी आपके अकाउंट तक पहुंच सकता है।
WhatsApp Web से खतरे में पड़ सकता है अकाउंट
गृह मंत्रालय की साइबर क्राइम यूनिट के मुताबिक WhatsApp Web का इस्तेमाल करने के दौरान कई बार लोग अपना अकाउंट कंप्यूटर पर लॉगइन छोड़ देते हैं। ऐसे में अगर उस डिवाइस तक किसी दूसरे व्यक्ति की पहुंच है, तो वह खुले हुए WhatsApp सेशन का गलत इस्तेमाल कर सकता है। इससे निजी चैट, संपर्कों और अन्य संवेदनशील जानकारियों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। अनधिकृत पहुंच मिलने पर अकाउंट से मैसेज भेजे जाने या अन्य संदिग्ध गतिविधियों का भी खतरा रहता है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि WhatsApp Web इस्तेमाल करते ही अकाउंट हैक हो जाएगा। खतरा खासतौर पर तब बढ़ता है, जब लॉगइन सेशन किसी असुरक्षित या साझा कंप्यूटर पर सक्रिय छोड़ दिया जाता है।
सिर्फ ब्राउजर टैब बंद करने से नहीं होगा लॉगआउट
एडवाइजरी में सबसे महत्वपूर्ण चेतावनी WhatsApp Web के लॉगइन सेशन को लेकर दी गई है। कई यूजर्स कंप्यूटर पर WhatsApp इस्तेमाल करने के बाद केवल ब्राउजर का टैब बंद कर देते हैं। उन्हें लगता है कि इससे उनका अकाउंट भी लॉगआउट हो गया है लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। सरकार ने कहा है कि WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद हर बार मैन्युअल रूप से लॉगआउट करना चाहिए। अकाउंट को लंबे समय तक लॉगइन रखना सुरक्षा के लिहाज से जोखिम भरा हो सकता है।
ऑफिस, साइबर कैफे और होटल के कंप्यूटर पर इस्तेमाल से बचें
साइबर क्राइम यूनिट ने ऐसे कंप्यूटरों पर WhatsApp Web इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी है, जिन तक अन्य लोगों की पहुंच हो सकती है। इनमें ऑफिस के साझा कंप्यूटर, सरकारी कार्यालयों के सिस्टम, साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर और अन्य सार्वजनिक डिवाइस शामिल हैं। ऐसी जगहों पर कंप्यूटर का इस्तेमाल कई लोग करते हैं। अगर WhatsApp Web का सेशन सक्रिय रह जाता है, तो बाद में कंप्यूटर इस्तेमाल करने वाला व्यक्ति अकाउंट तक पहुंच सकता है। विशेष रूप से सरकारी और संवेदनशील कार्यों से जुड़े संस्थानों को ऑफिस के कंप्यूटर पर WhatsApp Web के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी गई है।
पैसों और सरकारी काम से जुड़ी जानकारी साझा करने से बचें
एडवाइजरी में WhatsApp Web पर संवेदनशील जानकारियों के इस्तेमाल को लेकर भी सतर्क किया गया है। सरकार ने लोगों को सलाह दी है कि वे असुरक्षित या साझा कंप्यूटर पर WhatsApp Web के जरिए सरकारी दस्तावेज, कार्यालय की गोपनीय जानकारी, वित्तीय विवरण और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं का आदान-प्रदान करने से बचें। ऐसी जानकारी गलत हाथों में पहुंचने से निजी और संस्थागत सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
इनकॉग्निटो मोड भी पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं
साइबर क्राइम यूनिट ने कहा है कि अगर WhatsApp Web इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो प्राइवेट ब्राउजिंग या इनकॉग्निटो मोड का उपयोग अतिरिक्त सावधानी के तौर पर किया जा सकता है। हालांकि एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि इनकॉग्निटो मोड को पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जाना चाहिए। WhatsApp Web का इस्तेमाल केवल भरोसेमंद कंप्यूटर पर ही करना बेहतर है। प्राइवेट ब्राउजिंग मोड का उपयोग करने के बावजूद अकाउंट से लॉगआउट करना जरूरी है।
अकाउंट से अचानक मैसेज जाएं तो हो जाएं सतर्क
एडवाइजरी में WhatsApp अकाउंट की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की भी सलाह दी गई है। अगर आपके अकाउंट से ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिन्हें आपने नहीं भेजा है, या आपके कॉन्टैक्ट्स से अचानक ऐसे जवाब आ रहे हैं जिनका कोई संदर्भ समझ नहीं आ रहा, तो इसे नजर अंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी गतिविधियां अकाउंट तक किसी दूसरे व्यक्ति की अनधिकृत पहुंच का संकेत हो सकती हैं। यूजर्स को समय-समय पर WhatsApp की 'Linked Devices' सूची की जांच करने और किसी अनजान डिवाइस के दिखाई देने पर उसे तुरंत लॉगआउट करने की सलाह दी जाती है।
भारत में जल्द शुरू होगा सैटेलाइट इंटरनेट! स्टारलिंक को स्पेक्ट्रम आवंटन का इंतजार
कंप्यूटर और ब्राउजर को अपडेट रखना भी जरूरी
गृह मंत्रालय की साइबर क्राइम यूनिट ने डिजिटल सुरक्षा मजबूत रखने के लिए कंप्यूटर के ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को नियमित रूप से अपडेट करने को कहा है। इसके अलावा संदिग्ध डाउनलोड, अनजान फाइलों, क्रैक्ड सॉफ्टवेयर और अविश्वसनीय ऐप्स से दूर रहने की सलाह दी गई है।




















