Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मोहन भागवत बोले- युवा पीढ़ी झूठ को करती है नापसंद, देश को मजबूत बनाने की रखती है इच्छा

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पद्मा महोत्सव के उद्घाटन समारोह में RSS प्रमुख मोहन भागवत ने युवा पीढ़ी की सोच, देश के भविष्य और भारत की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज का युवा झूठ पसंद नहीं करता और अपने देश को मजबूत और बड़ा बनाने की इच्छा रखता है।
मोहन भागवत बोले- युवा पीढ़ी झूठ को करती है नापसंद, देश को मजबूत बनाने की रखती है इच्छा
मोहन भागवत बोले- युवा पीढ़ी झूठ को करती है नापसंद

भागवत ने कहा कि भारत की युवा पीढ़ी गुलामी के प्रभावों से मुक्त है। उसमें प्रामाणिकता दिखाई देती है और वह सच्चाई को महत्व देती है। उन्होंने पद्म पुरस्कार विजेताओं और गुमनाम नायकों के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। साथ ही कहा कि भारत अपनी शक्ति का इस्तेमाल दुनिया पर दबदबा बनाने के लिए नहीं, बल्कि कमजोर देशों की मदद और उनकी रक्षा के लिए करता है।

'युवा पीढ़ी में दिखती है सच्चाई और देश को मजबूत बनाने की इच्छा'

मोहन भागवत ने कहा कि आज के युवाओं को झूठ पसंद नहीं है। वे अपने देश को मजबूत और बड़ा बनाना चाहते हैं। जब भी स्वयंसेवक समाज को किसी परेशानी में देखते हैं तो मदद के लिए खुद आगे आते हैं। वे इस बात की चिंता नहीं करते कि उनके पास कितने संसाधन हैं या उन्हें कहीं से मदद मिलेगी या नहीं। भागवत ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी गुलामी के प्रभावों से मुक्त है। जब वे अलग-अलग जगहों पर जाते हैं तो युवाओं में प्रामाणिकता देखते हैं। वे झूठ को नापसंद करते हैं और जो व्यक्ति सच्चाई के साथ अपनी बात रखता है, उसे महत्व देते हैं।

ये भी पढ़ें: RSS प्रमुख मोहन भागवत ने अंग्रेजों पर साधा निशाना, बोले- 'अंग्रेजों ने शिक्षा व्यवस्था नष्ट कर भारतीयों को अज्ञानता में धकेला'

'पद्म पुरस्कार विजेताओं और गुमनाम नायकों से लें प्रेरणा'

भागवत ने कहा कि देश के सभी क्षेत्रों में युवा पीढ़ी आगे बढ़ने और कुछ अच्छा करने के बारे में सोच रही है। पद्म पुरस्कार से सम्मानित लोगों और ऐसे नायकों के जीवन को देखने से पता चलता है कि हमें अपने जीवन में क्या करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए तपस्या करनी पड़ती है। इसके लिए उन्होंने गीता का उदाहरण दिया और बताया कि इसमें तपस्या के तीन प्रकार बताए गए हैं। इनमें शारीरिक तप, वाङ्मय तप और मानस तप शामिल हैं।

लता मंगेशकर का उदाहरण देकर समझाया श्रद्धा का महत्व

मोहन भागवत ने संगीत के क्षेत्र में लता मंगेशकर का उदाहरण देते हुए कहा कि आवाज के क्षेत्र में वे कितनी बड़ी विभूति बनकर उभरीं। उनके जैसा बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने गीता में बताई गई श्रद्धा का भी जिक्र किया। भागवत ने कहा कि कुछ लोगों का स्वभाव अश्रद्धा वाला होता है। वे किसी भी चीज को देखते समय उसमें केवल शंका निकालते हैं। उन्हें किसी पर विश्वास करना नहीं आता, इसलिए हर बात में दिल खोलकर किसी अच्छी चीज को अच्छा कहना भी उनके लिए मुश्किल होता है।

Breaking News

'भारत की मदद से कई देशों को संकट से उबरने में मिली सहायता'

भारत की भूमिका पर बात करते हुए भागवत ने कहा कि भारत आगे बढ़ा है और उसकी वजह से कई लोगों की दुकानें बंद होने वाली हैं, क्योंकि भारत जरूरत के समय सभी की मदद करता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मालदीव में संकट आया तो भारत ने वहां पानी पहुंचाया। श्रीलंका आर्थिक संकट में फंसा तो भारत ने आर्थिक मदद की। नेपाल में प्राकृतिक आपदा या आर्थिक संकट आने पर भी भारत सहायता के लिए आगे आया। बांग्लादेश की मदद भी भारत करता है। यहां तक कि भूकंप और बाढ़ के समय पाकिस्तान को भी भारत ने मदद पहुंचाई है।

'शक्ति का इस्तेमाल दुनिया पर दबदबा बनाने के लिए नहीं'

भागवत ने कहा कि भारत ऐसा नहीं सोचता कि शक्तिशाली बनने के बाद पूरी दुनिया पर अपना दबदबा बनाएगा। भारत का मानना है कि शक्ति का सही इस्तेमाल कमजोर लोगों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि शक्ति का उपयोग दूसरों पर अपना प्रभाव जमाने या उन्हें दबाने के लिए नहीं होना चाहिए। जब कोई कमजोर परेशानी में हो तो उसकी मदद करना ही शक्ति का सही उपयोग है। भारत इसी सोच के साथ दूसरे देशों की मदद करता है और संकट के समय उनके साथ खड़ा रहता है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts