पांढुर्णा में गरीबों का इलाज करने वाले चिकित्सा संस्थान पर प्रशासन ने लगाया ताला, 20 से 50 रुपए में मिलती थी सुविधा

पांढुर्णा। यह संस्थान उन परिवारों के लिए उम्मीद का सहारा रहा, जो महंगे निजी अस्पतालों में इलाज कराने की स्थिति में नहीं हैं। यहां गरीब मरीजों को निःशुल्क या महज 20 से 50 रुपए लेकर डॉक्टर की सलाह और इलाज संबंधी सेवाएं दी जाती थीं। कोरोना महामारी के दौरान भी संस्थान ने जरूरतमंदों की सेवा जारी रखी थी। अब तीन महीने के बच्चे की तबीयत बिगड़ने से जुड़े मामले के बाद हुई कार्रवाई पर संस्थान ने अपना पक्ष रखते हुए साजिश की आशंका जताई है। वहीं, शहर के व्यापारियों और जिला औषधि विक्रेता संघ ने डॉक्टर सचिन नाहटकर के समर्थन में आवाज उठाई है।
वर्षों से गरीबों और जरूरतमंदों के लिए उम्मीद बना था संस्थान
पांढुर्णा में जिस चिकित्सा संस्थान को प्रशासन ने सील किया है, वह वर्षों से गरीबों, जरूरतमंदों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा था। यहां आने वाले मरीजों को निःशुल्क और मात्र 20 से 50 रुपए जैसी नाममात्र की राशि लेकर चिकित्सा परामर्श और उपचार संबंधी सेवाएं दी जाती थीं। महंगे निजी अस्पतालों में इलाज कराने में असमर्थ परिवारों के लिए यह संस्थान उम्मीद का सहारा बना हुआ था। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के कठिन दौर में भी यहां जरूरतमंदों की सेवा का सिलसिला जारी रहा।
तीन माह के बच्चे की घटना के बाद संस्थान सील
अस्पताल को सील करने की कार्रवाई के पीछे तीन माह के एक बच्चे की इंजेक्शन लगने के बाद तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, संस्थान की ओर से इस मामले में अलग पक्ष रखा गया है। संस्थान का कहना है कि संबंधित बच्चे को यहां न तो इंजेक्शन लगाया गया और न ही सलाइन चढ़ाई गई। बच्चे का इलाज भी संस्थान में नहीं हुआ था। प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि किसी बड़ी साजिश के तहत यह पूरा घटनाक्रम रचा गया है।

'छोटे बच्चों को इंजेक्शन लगाने की व्यवस्था ही नहीं'
संस्थान की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि यहां छोटे बच्चों को इंजेक्शन देने और सलाइन चढ़ाने की व्यवस्था उपलब्ध ही नहीं है। ऐसे में संबंधित घटना को संस्थान से जोड़कर उसकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रबंधन ने इस पूरे मामले के पीछे साजिश होने की आशंका जताते हुए कहा है कि आखिर इसके पीछे कौन है, इसका जल्द खुलासा होगा। संस्थान की ओर से आने वाले समय में बड़े खुलासे किए जाने की बात भी कही गई है।
ये भी पढ़ें: जबलपुर को मिलेगी 14 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, 5 नए रूट पर होगा संचालन; 2027 में दौड़ेंगी नई इलेक्ट्रिक बसें
'चार पीढ़ियों से जनसेवा से जुड़े हैं डॉक्टर नाहटकर'
शहर के किराना व्यवसायी श्याम भाई पोपट ने डॉक्टर सचिन नाहटकर के समर्थन में कहा कि वे प्रतिष्ठित समाजसेवी हैं और चार पीढ़ियों से पांढुर्णा शहर में जनसेवा की भावना के साथ गरीब परिवारों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर नाहटकर ने कभी व्यवसाय के दृष्टिकोण से इलाज नहीं किया और हमेशा लोगों के सुख-दुख में शामिल रहे हैं। उनके अनुसार, किसी साजिश के कारण उन्हें जबरन फंसाया जा रहा है और उनके साथ अन्याय किया जा रहा है।
'निजी हितों से ऊपर उठकर करते रहे गरीबों की मदद'
शहर के मोबाइल व्यवसायी आशीष राजनकर ने कहा कि आज के दौर में चिकित्सा सेवाएं लगातार महंगी होती जा रही हैं। ऐसे समय में कोई व्यक्ति अपने निजी हितों से ऊपर उठकर दिन-रात दूर-दराज के गांवों से आने वाले गरीब मरीजों के लिए अपने दरवाजे खुले रखता है, यह अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी साजिश के चलते डॉक्टर नाहटकर के व्यवसाय के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
जिला औषधि विक्रेता संघ ने की कार्रवाई की निंदा
जिला औषधि विक्रेता संघ पांढुर्णा ने भी डॉक्टर सचिन नाहटकर से जुड़े घटनाक्रम पर गहरी नाराजगी जताते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है। संघ के अनुसार, कोरोना महामारी के कठिन समय में भी डॉक्टर नाहटकर ने गरीब और जरूरतमंद मरीजों को मात्र 30 से 50 रुपए सहयोग शुल्क लेकर मरीजों का इलाज किया था। मजदूर वर्ग के ऐसे परिवार, जिनकी रोजाना की दिहाड़ी करीब 200 रुपए होती है, उनके लिए यह सेवा काफी महत्वपूर्ण रही। संघ ने कहा कि गरीबों की सेवा करने वाले डॉक्टरों के सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए और किसी भी मामले में निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर ही निर्णय लिया जाना चाहिए। संघ ने पूरे घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए डॉक्टर सचिन नाहटकर के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है।




















