
इंटरनेशनल डेस्क। साउथ अमेरिकी देश चिली के जंगलों में आग लगी है। ये आग अब जंगल से रिहायशी इलाकों में फैल गई है, जिसकी चपेट में आने से अब तक 112 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 200 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं, ऐसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है। चिली के शहर वालपराइसो में पूरे आसमान में काला धुआं दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों को सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है। इस आग में घर, मकान, गाड़ियां सब कुछ राख हो गया है। देखें VIDEO…
न्यूक्लियर बम फटने जैसे हालात
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, सबसे पहले वीना डेल मार और वालपराइसो शहर के जंगलों में आग लगी। लेकिन ये आग लगातार फैलती ही जा रही है। इस आग के कारण हजारों घर जल गए हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, आग में अपना घर खो चुके एक शख्स ने कहा – आग फैलने से हालात न्यूक्लियर बम फटने जैसे हो गए हैं, यहां कुछ नहीं बचा है। आसमान से राख बरस रही है, मेरा घर खाक हो गया और मेरे दोस्तों की मौत हो गई है।
चिली में राष्ट्रीय शोक की घोषणा
चिली को आग में झुलसते हुए देख राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक ने देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा भी की गई है।
सड़कों पर दिखी शवों की चादर
न्यूज एजेंसी के अनुसार, लोग कारों में बैठकर यहां से दूसरे शहर में भागने की कोशिश कर रहे हैं। आग की चपेट में कार से लेकर पेड़ भी आ गए हैं। कई जलते हुए पेड़ सड़कों पर गिरे हुए हैं। इसके कारण ट्रैफिक जाम हो रहा है। ऐसी स्थिति में कई कारें जल गईं और उनमें बैठे लोगों की भी जलने से मौत हो गई। कई शव सड़कों पर चादर की तरह बिछे हुए हैं। लोगों का कहना है कि वो जहां भी जा रहे हैं, उन्हें वहां शव बिखरे दिख रहे हैं।
कई इलाकों को कराया खाली
वालपराइसो में चार स्थानों पर भीषण आग लगी है। फायर ब्रिगेड को ज्यादा खतरे वाले इलाकों तक पहुंचने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ रहा है। आग तेजी से फैल रही है। इसके कारण लोगों को इलाके को खाली करने के लिए कहा जा रहा है। ऐसे में लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ये आग कब लगी इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
आग पर काबू पाना मुश्किल
धधकते जंगलों के चलते तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। लगातार गर्म हवाएं चल रही हैं। हवा चलने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया है।
आग की चपेट में 92 जंगल : चिली की गृह मंत्री
चिली की गृह मंत्री कैरोलिना तोहा ने जानकारी दी कि देश के मध्य और दक्षिण के 92 जंगल आग की चपेट में हैं, जहां इस सप्ताह तापमान असामान्य रूप से ज्यादा रहा है। वालपराइसो क्षेत्र में सबसे भीषण आग लगी है। जिसके बाद वालपराइसो क्षेत्र में तीन आश्रय शिविर बनाए गए हैं।
ये भी पढ़ें – चिली : जंगल की आग से 64 लोगों की मौत