Naresh Bhagoria
6 Feb 2026
भोपाल/ नर्मदापुरम। आधी रात के बाद करीब 3 बजे तड़के नर्मदापुरम पुलिस ने भोेपाल के गोविंदपुरा इलाके में दबिश दी और एक महिला सहित एक अन्य को गिरफ्तार कर ले गई। पुलिस के अनुसार, मकान बेचने के बदले एडवांस लेने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं करवाने पर इसी एडवांस राशि की वापसी के लिए नर्मदापुरम आरोपी महिला और दूसरे लोग पहुंचे थे। जहां विवाद के बाद अपहरण और मारपीट करके फरियादी को भोपाल लाते हुए बीच रास्ते औबेदुल्लागंज में धमका कर उतार दिया गया था।
इस बारे में मिली जानकारी के अनुसार नर्मदापुरम सिटी कोतवाली पुलिस ने देर रात 2 से 3 बजे के बीच भोपाल के गोविंदपुरा इलाके में रहने वाली महिला रश्मि सूर्यवंशी के अलावा राकेश सिंह राजपूत के घर अलग-अलग दबिश दी। साथ में गोविंदपुरा पुलिस भी गई थी। महिला के साथ उसके दो बच्चे रहते हैं, जोकि इस कार्रवाई से बेहद डर गए और रोने लगे। यहां महिला ने विरोध भी किया, लेकिन नर्मदापुरम पुलिस बलपूर्वक महिला को घर से उठा ले गई। इसके बारे में महिला के दोनों बच्चों का कहना है कि उनको नर्मदापुरम पुलिस ने कुछ नहीं बताया। पुलिस कार्रवाई के दौरान घर का सामान भी फैल गया।
गिरफ्तार महिला रश्मि सूर्यवंशी और राकेश सिंह राजपूत को नर्मदापुरम कोतवाली में रखा गया है, जिसको लेकर पुलिस ने बताया है कि संचित दुबे नामक व्यक्ति ने पैसे के लेन-देन को लेकर अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कराया है। नर्मदा पुरम थाना कोतवाली ने महिला के खिलाफ धारा 140 (3), 322 सी, 115 (2) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आया है कि मोबाइल फोन पर लगातार एडवांस वापस मांगने पर रश्मि सूर्यवंशी को संचित दुबे ने रुपए देने के लिए नर्मदापुरम में अपनी बहन के घर बुलाया था, जहां एडवांस वापस नहीं करने पर विवाद हो गया।
जांचकर्ता सहायक पुलिस निरीक्षक रेवाराम गायकवाड़ के अनुसार फरियादी संचित दुबे भोपाल के कंटारा इलाके में रहता है, जिसकी बहन और अन्य रिश्तेदार नर्मदापुरम में रहते हैं। ऐसे में एडवांस राशि की वापसी के लिए महिला एवं अन्य लोग नर्मदापुरम आए थे। यहां विवाद हो गया और मारपीट करके अपहरण किया गया। हालांकि जांचकर्ता एएसआई के अनुसार अपहरण की घटना सामने के होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई है, जिसके चलते होटल के डीवीआर को जब्त किया जा कर परीक्षण किया जाएगा। ताकि घटना की पुष्टि हो सके।
सूत्रों का दावा है कि असली झगड़ा होम लोन का है, जोकि कमीशन लेकर करवाया जाता है। इसमें सभी पार्टनर होते हैं। इसी कमीशन में हिस्सेदारी को लेकर विवाद था। वहीं एडवांस की वापसी भी कमीशन के रुप में करवाने का वादा किया गया था, लेकिन राशि वापस नहीं हो पा रही थी। इसी दौरान वापसी का ज्यादा दबाव बढ़ने पर मामला बिगड़ गया और विवाद हो गया।
मामला पैसे के लेनदेन का है। बीती 3 फरवरी 2026 को दोनों के बीच मारपीट की घटना नर्मदापुरम में हुई थी, जिसके बाद फरियादी संचित दुबे ने अपहरण एवं मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला एवं एक अन्य को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य फरार है। मामले की जांच की जा रही है।
-जितेंद्र पाठक, एसडीओपी, नर्मदापुरम
फरियादी के अनुसार लेन देन के मामाले में नर्मदापुरम में उसको घर से निकाला गया और मारपीट करके जबरन एक गाड़ी में भोपाल ले जा रहे थे, लेकिन बीच रास्ते औबेदुल्लागंज के पास सड़क पर धमका कर छोड़ दिया गया। इस पर गिरफ्तारी के बाद पूछताछ करके जमानती धाराएं होने से नोटिस देकर छोड़ दिया गया है।
-थोटा साई कृष्णा, पुलिस अधीक्षक, जिला नर्मदापुरम