सिवनी के जंबो सीताफल की विदेशों में बढ़ी मांग, 1.25 टन की पहली खेप दुबई रवाना
सिवनी। जंबो सीताफल की पहली खेप में लगभग 1.25 टन फल शामिल हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 400 पैकेट में तैयार किया गया है। कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर निर्यात खेप को रवाना किया। यह खेप सड़क मार्ग से नागपुर पहुंचेगी, जहां से एयर कार्गो के जरिए शारजाह होते हुए दुबई भेजी जाएगी। अपने बड़े आकार, बेहतर गुणवत्ता और प्राकृतिक मिठास के कारण सिवनी का यह फल अंतरराष्ट्रीय बाजार में अलग पहचान बनाने की क्षमता रखता है।
जीआई टैग मिलने के बाद बढ़ी डिमांड
छपारा के भूतबंधानी क्षेत्र में उत्पादित जंबो सीताफल को 28 मार्च 2026 को जीआई टैग मिला था। इसके बाद से इसकी डिमांड विदेशों तक होने लगी है। पहले यह सीताफल 500 से 800 रुपए पेटी तक बिकता था, लेकिन अब कीमत में बढ़ोतरी होकर 1000 से 1500 रुपए पेटी तक हो गई है।
ये भी पढ़ें: सिवनी के जंबो सीताफल की मिठास अब दुबई तक पहुंचेगी, 31 अक्टूबर को पहली खेप होगी रवाना
सीताफल से समृद्धि अभियान ने दिखाई राह
इस उपलब्धि के पीछे जिला प्रशासन का 'सीताफल से समृद्धि अभियान' महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अभियान के तहत सीताफल उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ उसकी गुणवत्ता सुधारने, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और बेहतर विपणन पर काम किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित न रखकर सीधे बड़े बाजारों से जोड़ना है। इसी कड़ी में अब सिवनी के सीताफल को लंदन तक पहुंचाने की कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है।

स्वसहायता समूहों को भी मिला अवसर
उद्यानिकी विभाग के अनुसार, दुबई भेजी गई पहली खेप के लिए जिले के स्वसहायता समूह के माध्यम से सीताफल उपलब्ध कराया गया है। निर्यात की पूरी प्रक्रिया में उद्यानिकी विभाग के साथ कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) सहयोग कर रहा है। किसानों और समूहों को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों, पैकेजिंग और निर्यात संबंधी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
विदेशी बाजार से बढ़ेगी किसानों की आमदनी
जिला प्रशासन को उम्मीद है कि दुबई में सिवनी के जंबो सीताफल को बाजार मिलने के बाद खाड़ी देशों और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी इसकी मांग बढ़ेगी। इससे किसानों के साथ किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और स्वसहायता समूहों को भी आर्थिक लाभ मिल सकता है। स्थानीय कृषि उत्पाद को विदेशों तक पहुंचाने की यह पहल वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को भी मजबूती देगी।
ये भी पढ़ें: सिवनी के जम्बो सीताफल की साख बचाने की अपील, कच्चे फल तोड़ने और बेचने से बचें किसान
करीब सवा टन जंबो सीताफल दुबई के लिए रवाना किया गया
उद्यानिकी विभाग के उपसंचालक आशा उपवंशी ने बताया कि सिवनी से करीब सवा टन जंबो सीताफल दुबई के लिए रवाना किया गया है। यह खेप नागपुर से हवाई मार्ग द्वारा शारजाह पहुंचेगी और वहां से दुबई भेजी जाएगी। जिले के सीताफल को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आगे इसे लंदन तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर भी काम चल रहा है।






















