Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सागर में भीषण एक्सीडेंट: चार्टर्ड बस और कार की जोरदार टक्कर, 4 लोगों की मौत

सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में गढ़ाकोटा रोड पर चनाटोरिया के पास चार्टर्ड बस और कार की भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। तीन ने मौके पर दम तोड़ा, जबकि एक घायल की अस्पताल में मौत हुई। मृतकों में बंडा के कारोबारी प्रशांत जैन और निर्मल जैन शामिल हैं। पुलिस फरार बस चालक की तलाश कर रही है।
सागर में भीषण एक्सीडेंट: चार्टर्ड बस और कार की जोरदार टक्कर, 4 लोगों की मौत

सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में गढ़ाकोटा रोड पर चनाटोरिया के पास शनिवार को चार्टर्ड बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।

पेट्रोल पंप से निकलते ही हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार बहेरिया स्थित पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाने के बाद मुख्य मार्ग पर पहुंची थी। इसी दौरान जबलपुर की ओर से आ रही चार्टर्ड बस ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बस भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा उतरी। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

तीन की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में दम तोड़ा

हादसे के बाद राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को मकरोनिया के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Breaking News

दो मृतकों की पहचान, दोनों कारोबारी

हादसे में मृतकों में बंडा निवासी प्रशांत जैन (46) और सागर के रामपुरा वार्ड निवासी निर्मल उर्फ मुन्ना जैन (62) शामिल हैं। प्रशांत जैन एसी और कूलर का कारोबार करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। वहीं निर्मल जैन कृषि उपकरणों का व्यापार करते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके दोनों बच्चे डॉक्टर बताए गए हैं। तीसरे मृतक की पहचान विकास (43), पिता जगदीश कुमार, निवासी हरियाणा के रूप में हुई है। चौथा मृतक भी हरियाणा का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसकी पूरी पहचान की जा रही है।

बस ड्राइवर की तलाश में पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बहेरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के बाद फरार हुए चार्टर्ड बस चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts