छत्तीसगढ़ में एक और ट्विशा केस जैसा मामला !4 दिन बाद कब्र खोदकर निकाला शव, मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामला इतना गंभीर हो गया कि प्रशासन को चार दिन बाद कब्र से शव निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराना पड़ा। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद यह पूरा मामला अब जांच के दायरे में आ गया है। कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम भलपहरी में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ कब्रिस्तान पहुंची और विवाहिता विनीता पाटले का शव बाहर निकाला गया।
इस दौरान तहसीलदार, स्वास्थ्य विभाग की टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी मौजूद रहे। कड़ी सुरक्षा के बीच हुई इस प्रक्रिया को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। शव को कब्र से निकालने की प्रक्रिया के दौरान शुरुआत में ससुराल पक्ष ने विरोध जताया, लेकिन पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और फॉरेंसिक जांच भी शुरू कर दी गई है।
दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप
मृतका के मायके पक्ष ने इस पूरे मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विनीता की शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पति मुकेश पाटले, सास और ससुर पर मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। परिजनों का कहना है कि कई बार विनीता को घर से भी निकाला गया था, जिसके बाद हर बार समझौता कर उसे वापस ससुराल भेज दिया जाता था। परिवार का यह भी आरोप है कि कुछ समय पहले विनीता की जान लेने की कोशिश की गई थी और उसे फांसी लगाने का प्रयास भी किया गया था। मृतका की मां ने यह भी दावा किया है कि हाल ही में कुछ लोग खुद को पंच-सरपंच बताकर आए थे, लेकिन बाद में वे रिश्तेदार निकले, जिससे उन्हें शक है कि पूरे मामले को छिपाने की कोशिश की जा रही थी।
अचानक मौत पर उठे सवाल
विनीता की मौत को लेकर परिवार और ग्रामीणों में कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का कहना है कि मौत से कुछ दिन पहले तक विनीता पूरी तरह स्वस्थ थी और एक शादी समारोह में भी शामिल हुई थी, जहां उसने डांस भी किया था। ऐसे में अचानक हुई मौत पर संदेह और गहरा गया है। परिवार का आरोप है कि अंतिम संस्कार से पहले शव को जल्दबाजी में दफना दिया गया, जबकि कई सवालों के जवाब बाकी थे। इसी वजह से प्रशासन को बाद में शव को कब्र से निकालने का फैसला लेना पड़ा।
पति मुकेश पाटले का पक्ष
मामले में जब पति मुकेश पाटले से सवाल किए गए तो वह कैमरे के सामने स्पष्ट जवाब देने से बचता नजर आया। उसने आरोपों को नकारा जरूर, लेकिन यह स्पष्ट नहीं कर सका कि पति-पत्नी के बीच तनाव क्यों था और विनीता बार-बार मायके क्यों जाती थी। इससे मामले को लेकर संदेह और बढ़ गया है और पुलिस अब सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रशासन और पुलिस जांच में जुटी
उरगा थाना पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर लिया गया है और फॉरेंसिक जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मौत प्राकृतिक थी, आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई साजिश है। थाना स्तर पर मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने यह भी कहा है कि परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए ससुराल पक्ष से पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा डेथ केस में सुप्रीम कोर्ट की एंट्री : लिया स्वत: संज्ञान, 25 मई को होगी सुनवाई
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर
अब पूरे मामले की दिशा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि विनीता की मौत किन परिस्थितियों में हुई।












