ट्विशा शर्मा डेथ केस में सुप्रीम कोर्ट की एंट्री :लिया स्वत: संज्ञान, 25 मई को होगी सुनवाई

नई दिल्ली। भोपाल के ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए केस अपने हाथ में ले लिया है। मामले की सुनवाई 25 मई को होगी। सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सीजेआई सूर्यकांत की अगुआई वाली बेंच करेगी, जिसमें जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली भी शामिल होंगे।
ट्विशा के परिवार के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप
ट्विशा के परिवार ने उनकी मौत के लिए पति और भोपाल में रहने वाले ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। मामले को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, अब सुप्रीम कोर्ट के सीधे दखल के बाद इस केस पर देशभर की नजरें टिक गई हैं।
एक तरफ दिल्ली AIIMS के डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंच चुकी है, जो ट्विशा का पोस्टमॉर्टम करेगी, वहीं दूसरी ओर मामले में नया CCTV फुटेज और कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
ससुराल पक्ष ने मौत को बताई आत्महत्या
ससुराल पक्ष जहां इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। इस बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले की जांच CBI से कराने पर सहमति दे दी है।
पति 7 दिन की पुलिस रिमांड पर, सास की जमानत पर सोमवार को सुनवाई
मामले में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने आरोपी पति समर्थ को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के लिए पूछताछ जरूरी है। वहीं, भोपाल कोर्ट में ट्विशा की सास गिरिबाला की जमानत निरस्त करने के लिए आवेदन लगाया गया है, जिस पर सोमवार को सुनवाई होगी। समर्थ के वकील ज्ञानेंद्र शर्मा ने कहा कि उन्होंने रिमांड का विरोध किया था, क्योंकि बरामदगी जैसी कोई बात नहीं है। हालांकि कोर्ट ने पुलिस की मांग स्वीकार कर ली। उन्होंने संकेत दिया कि रिमांड अवधि पूरी होने के बाद बेल के लिए आवेदन किया जाएगा।
ट्विशा का आखिरी CCTV वीडियो सामने आया
जांच के बीच ट्विशा शर्मा का एक आखिरी CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में वह अपने ससुराल के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में मेकअप कराते दिखाई दे रही है।
फुटेज में ट्विशा सामान्य और रिलैक्स नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि यह पार्लर उसके ससुराल से करीब 100 मीटर दूर था। पुलिस ने इस वीडियो को जांच के लिए जब्त कर लिया है।
शव मिलने वाली जगह की तस्वीर भी सामने आई
कटारा हिल्स स्थित घर के उस हिस्से की तस्वीर भी सामने आई है, जहां ट्विशा का शव मिला था। जांच के दौरान यह जानकारी भी मिली कि ट्विशा ने 12 मई को भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस में रिजर्वेशन कराया था।
उसे 15 मई को अजमेर जाना था, जहां उसके भाई मेजर हर्षित शर्मा की पोस्टिंग है। इस जानकारी के सामने आने के बाद मामले में नए सवाल उठ रहे हैं।
जांच टीम पर भी सवाल, SIT से हटाने की मांग
ट्विशा के परिवार के वकील अंकुर शर्मा ने आरोप लगाया कि FIR दर्ज होने के बाद कटारा थाना प्रभारी समेत कुछ लोग आरोपियों के संपर्क में थे। परिवार अब ऐसे अधिकारियों को SIT से हटाने और जांच के दायरे में लाने की मांग करेगा।
परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी अधिकारी की मिलीभगत सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।











