Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

धमतरी में CAF जवान ने की आत्महत्या :किराए के मकान में फंदे पर लटका मिला शव, बंगाल चुनाव ड्यूटी से लौटे थे

धमतरी में CAF जवान जागेश्वर प्रसाद ठाकुर ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पश्चिम बंगाल चुनाव ड्यूटी से लौटने के बाद वह ब्रेक पर घर आया था। शराब पीने को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
किराए के मकान में फंदे पर लटका मिला शव, बंगाल चुनाव ड्यूटी से लौटे थे

धमतरी के सपना पिंक सिटी रोड स्थित एक किराए के मकान में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) के जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जागेश्वर प्रसाद ठाकुर (37) के रूप में हुई है। वह CAF की 10वीं बटालियन की F कंपनी में सूरजपुर में पदस्थ थे और फिलहाल उनकी ड्यूटी रायपुर के सिविल लाइन इलाके में लगी हुई थी।

बंगाल चुनाव ड्यूटी से लौटकर घर आया था जवान

जानकारी के मुताबिक, जागेश्वर 24 मार्च को रायपुर से पश्चिम बंगाल चुनाव ड्यूटी पर गए थे। वह 2 मई को शाम करीब 4 बजे वापस लौटे थे। ड्यूटी से लौटने के बाद उन्हें 5 दिनों का ब्रेक मिला था, जिसके चलते वह धमतरी स्थित अपने किराए के मकान में आए हुए थे। बताया जा रहा है कि जागेश्वर पिछले 7-8 सालों से धमतरी में रह रहे थे। उनका मूल गांव भटगांव थाना क्षेत्र का रनचीराई है।

शराब पीने को लेकर पत्नी से हुआ विवाद

परिजनों के मुताबिक, जवान शराब पीने का आदी था। इसी बात को लेकर उसका पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था। 9 मई को भी शराब पीने को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद के बाद उसकी पत्नी बच्चों के साथ रिश्तेदार के घर चली गई थी। पत्नी ने इस बात की जानकारी देवर ललित को फोन कर दी थी।

Breaking News

घर का दरवाजा अंदर से था बंद

अगले दिन ललित अपने भाई से मिलने शाम करीब 4 बजे पिंक सिटी स्थित घर पहुंचा। वहां उसने देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने भाभी को इसकी जानकारी दी। भाभी के कहने पर ललित पीछे के दरवाजे से घर के अंदर पहुंचा। वहां उसने देखा कि जागेश्वर ने पंखे के हुक से गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts